4 फरवरी को राजस्थान में 1 घंटे के लिए थमे रहेंगे रोडवेज के पहिये

जयपुर. लोक परिवहन और निजी बसों के विरोध में रोडवेज कर्मचारी (Roadways Employees) लामबंद हो गये हैं. अनूपगढ़ में लोक परिवहन और रोडवेज कर्मियों के बीच हुई झड़प के बाद 28 जनवरी से ही अनूपगढ़ डिपो में रोडवेज बसों का संचालन (Operations) नहीं हो रहा है. अब इस मामले में लामबंद हुये रोडवेज कर्मचारी तीन दिन बाद 4 फरवरी को पूरे प्रदेश में 1 घंटे के लिये रोडेवेज के पहिये थामेंगे. इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है.
राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्प्लाईज यूनियन-एटक के प्रदेश अध्यक्ष एमएल यादव ने बताया कि तीन दिन पहले अनूपगढ़ में बस स्टैंड के बाहर से सवारी उठाने को लेकर लोक परिवहन और रोडवेज कर्मियों के बीच झड़प हुई थी. इस घटना के बाद 28 जनवरी से ही अनूपगढ़ डिपो में बसों का संचालन नहीं हो रहा है. उसके बाद श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ डिपो से भी बसों का संचालन बंद हो चुका है. लेकिन अभी तक स्थानीय प्रशासन ने इस बारे में कोई कार्रवाई नहीं की है.
संयुक्त मोर्चे ने भी किया आंदोलन का ऐलान
इसके विरोध में संयुक्त मोर्चे ने भी किया आंदोलन का ऐलान किया है. इसके तहत 4 फरवरी को एक घंटे के लिए प्रदेशभर में रोडवेज बसें पहिये थामे जायेंगे. 4 फरवरी को दोपहर 1 से 2 बजे तक रोडवेज बसों का संचालन बंद रहेगा. इसके लिये रविवार को राजस्थान रोडवेज के श्रमिक संगठनों के प्रदेश स्तरीय संयुक्त मोर्चे की एटक के जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में बैठक हुई. इसमें इस निर्णय पर मुहर लगाई जा चुकी है.
2 फरवरी को सभी जगह प्रदर्शन किये जायेंगे
यादव ने बताया कि इस आंदोलन के तहत 2 फरवरी को रोडवेज की सभी इकाइयों में दोपहर 1 से 2 बजे तक प्रदर्शन किये जायेंगे. जयपुर में यह विरोध प्रदर्शन सिंधीकैंप बस स्टैंड पर होगा. जरुरत पड़ने पर आगे के कार्यक्रम बाद में घोषित किये जायेंगे.
यात्रिगण ध्यान दें और सावधानी बरतें
रोडवेज और लोक परिवहन बसों के स्टाफ के बीच हुई झड़प का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. भविष्य में यह क्या रूप धरेगा इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है. लिहाजा 4 फरवरी को रोडवेज से सफर करने की प्लानिंग बना रहे यात्री सावधानी बरतें. आवश्यक कार्यवश रोडवेज से इधर-उधर जाने वाले लोगों का अन्य वाहनों से सफर करना मुनासिब होगा, क्योंकि आंदोलन कब किस तरफ मुड़ जाये कहना मुश्किल है.
