टीसीएस का मुनाफा 28.5 प्रतिशत उछला

मुंबई । सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टीसीएस का मुनाफा चालू वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही अप्रैल-जून में 28.5 प्रतिशत उछलकर 9,008 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर से घरेलू कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा, जिससे कुल वृद्धि प्रभावित हुई। देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर सेवा प्रदाता कंपनी को इससे पूर्व वित्त वर्ष 2020-21 की इसी तिमाही में 7,008 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था।  अरब डॉलर से अधिक मूल्य के टाटा समूह की प्रमुख कंपनी टीसीएस ने कहा कि जून तिमाही का परिणाम दो अलग-अलग प्रवृत्तियों की कहानी है। एक तरफ जहां अमेरिका जैसे प्रमुख बाजारों और बैंक जैसे महत्वपूर्ण खंडों में अच्छी वृद्धि हुई, वहीं घरेलू बाजार पर प्रतिकूल असर रहा।हालांकि कंपनी ने कहा कि परंपरागत रूप से उसके लिये घरेलू बाजार खास महत्वपूर्ण बाजारों में नहीं रहा है। लेकिन स्थिति में सुधार के संकेत दिख रहे हैं और पूर्व में 2021-22 के लिये जो दहाई अंक में आय वृद्धि का अनुमान जताया गया था, उसे पूरा करने का भरोसा है। टीसीएस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और प्रबंध निदेशक राजेश गोपीनाथन ने कहा कि दूसरी लहर से आय पर करीब 350 करोड़ रुपये का असर पड़ा क्योंकि पासपोर्ट जारी करने और परीक्षण-केंद्रित टीसीएस आईओएन जैसे व्यवसाय प्रभावित रहे। मार्च तिमाही से तुलना करने पर भारत से कंपनी की आय 14 प्रतिशत घटकर 2,085 करोड़ रुपये रही। जून तिमाही में इससे पूर्व तिमाही के मुकाबले कुल आय में भारत की हिस्सेदारी एक प्रतिशत घटकर 4.6 प्रतिशत रही। कंपनी की एकीकृत आय चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 18.5 प्रतिशत बढ़कर 45,411 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 2020-21 की इसी तिमाही में 38,322 करोड़ रुपये थी।

Leave a Reply