कांग्रेस कार्यकर्ता मेरे जीवन की पूंजी हैं: दिग्विजय सिंह

भोपाल । भोपाल लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल ग्रामीण के कोलार क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को मैं धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने मुझे भोपाल से उम्मीदवार बनाया और साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को भी धन्यवाद जिन्होंने मेरा नाम भोपाल लोकसभा से चुनाव लड़ने के लिए भेजा। श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मैं हमेशा से आप लोगों के बीच में था, बीच में हूं और हमेशा बीच में रहूंगा।
श्री सिंह ने कहा कि यह चुनाव देश के प्रजातंत्र, देश की अर्थ व्यवस्था व देश के संविधान का चुनाव है। भाजपा सांसद स्वयं कह चुके हैं कि यदि नरेन्द्र मोदी अगले प्रधानमंत्री बने तो देश में अगला चुनाव कभी नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जब देश संकट से गुजर रहा हो तो समझना चाहिए कि आप सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्या करना है। कांग्रेस कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी निभानी है, यदि में चुनकर आता हूं तो आप सभी की चिंता मैं करना मेरी जिम्मेदारी है।
दिग्विजय सिंह ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ0 शंकर दयाल शर्मा को स्मरण करते हुए कहा कि भोपाल के विकास की नींव उन्होंने रखी है। मेडिकल कॉलेज से लेकर बीएचईएल तक की नींव डॉक्टर शर्मा ने रखी है।
श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गेहूं खरीदी केंद्र पर नजर रखें, इसमें शिकायतें आती हैं तो अधिकारियों के सामने उन्हें उठायें। बिजली अगर बिना कारण के जाती है तो उस पर भी नजर रखें। क्योंकि सरकार बदल जाने पर भी कुछ अधिकारियों की मानसिकता नहीं बदलती। अगर अधिकारियों की ऐसी शिकायतें आती हैं तो कानून उनके खिलाफ कार्यवाही करेगा। उन्होंने कहा कि हमने पांच साल के लिए वायदे किये हैं और पांच साल में यह सरकार एक-एक वादा पूरा करेगी।
लोकसभा क्षेत्र भोपाल के मीडिया प्रभारी मानक अग्रवाल ने बताया कि कोलार क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में जिला (ग्रामीण) कांग्रेस अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव व कार्यकारी अध्यक्ष सुखलाल ठाकुर, मंडलम, सेक्टर, बूथ प्रभारियों सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
