विवाद / मैं परप्रांतीय हूं, मुझे भाषा का ज्ञान नहीं है-मधु श्रीवास्तव

वडोदरा. मतदाताओं को धमकी देेने के मामले में भाजपा के विधायक मधु श्रीवास्तव ने चुनाव आयोग को जवाब दिया है। जवाब में उन्होंने खुलासा किया है कि वे परप्रांतीय हैं और गुजराती भाषा का ज्ञान नहीं है। इस पर चुनाव आयोग ने उन्हें भविष्य में इस तरह की गलती न करने की ताकीद की।
क्या था मामला?
वाघोडिया के विधायक मधु श्रीवास्तव ने कुछ दिनों पहले एक जनसभा में लोगों से कहा था कि यदि भाजपा का कमल नहीं खिला, तो ठिकाने लगा दूंगा। इस संबंध में वीडियो भी साेशल मीडिया में वायरल हो गया। इस पर चुनाव आयोग ने उन्हें नोटिस दिया। इस संबंध में शुक्रवार को मधु श्रीवास्तव ने अपने जवाब चुनाव आयोग को दिया।
अभी तक गुजराती नहीं सीख पाए
महत्वपूर्ण यह है कि इसके पहले एक जनसभा में मधु श्रीवास्तव ने कहा था कि मैं 6 टर्म से विधायक हूं, दो टर्न के लिए काउंसलर रह चुका हूं। इस तरह से वे करीब 35 साल से गुजरात में हैं, पर अभी तक गुजराती नहीं सीख पाए हैं। आज जब वे चुनाव आयोग में अपनी बात रख रहे हैं, तो कहते हैं कि मुझे गुजराती भाषा का ज्ञान नहीं है।
शीघ्र कार्रवाई होगी
विधायक द्वारा मतदाताओं को धमकी देने के मामले पर भाजपा के प्रभारी ओम माथुर ने कहा है कि भाजपा हाईकमान ने उनकी बात को गंभीरता से लिया है। बहुत ही जल्द विधायक मधु श्रीवास्तव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
