कांग्रेस अल्पेश ठाकोर के खिलाफ दलबदल कानून के तहत कर सकती है कार्यवाही

अहमदाबाद | कांग्रेस से इस्तीफा देनेवाले अल्पेश ठाकोर के खिलाफ पार्टी दलबदल कानून के तहत कार्यवाही कर सकती है| अल्पेश ठाकोर ने जिस दिन कांग्रेस से इस्तीफा दिया था, उसी दिन त्यागपत्र पार्टी को भेज दिया था| जबकि कांग्रेस प्रदेश प्रमुख अमित चावड़ा का कहना है कि उन्हें अल्पेश ठाकोर को इस्तीफा नहीं मिला| जिससे अब कांग्रेस ही अल्पेश ठाकोर को पार्टी से सस्पैंड कर सकती है|
पिछले काफी समय से कांग्रेस से नाराज चल रहे पाटण से विधायक अल्पेश ठाकोर ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था| अपने इस्तीफे में उन्होंने लिखा था कि वह समाज सेवा से जुड़े हैं और समाज व गरीबों के उत्थान के लिए राजनीति में आया था| गरीब और पिछड़ों के घर में उजाला करने का सपना देखा और उसे साकार करने की दिशा में लगातार मंथन कर रहा था| लेकिन कांग्रेस में मेरा और मेरी ठाकोर सेना के कार्यकर्ताओं की अवगणना और अपमान किया जा रहा था| जिससे ठाकोर सेना ने आदेश दिया है कि जहां अपमान और अवगणना की जाती है वहां रहना ठीक नहीं है| इसलिए कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं|
वहीं कांग्रेस की ओर से कहा जा रहा है कि उन्हें अल्पेश ठाकोर का इस्तीफा नहीं मिला है| दूसरी ओर अल्पेश ठाकोर बनासकांठा सीट से ठाकोर सेना के निर्दलीय प्रत्याशी स्वरूपजी ठाकोर के पक्ष में प्रचार कर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त है| फिलहाल कांग्रेस इन गतिविधियों को प्रमाण एकत्र कर रही है और उसके बाद अल्पेश ठाकोर को पार्टी से सस्पैंड किया जाएगा| जिसके बाद अल्पेश ठाकोर को विधायक पद से भी हटाए जाने की भी कार्यवाही की जाएगी|
