40 लाख से अधिक निराश्रितों को अप्रैल माह से मिलना शुरु हुई 600 रुपये पेंशन

भोपाल । मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री कमलनाथ के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने कहा है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंर्तगत वृद्धजनों और अन्य पेंशनधारियों की राशि में वृद्धि करने के निर्णय का प्रदेश के 40 लाख 37 हजार 553 निराश्रितों को अप्रैल माह से लाभ मिलना शुरू हो गया हैं। उन्होंने कहा कि सभी निराश्रितों के खातों में अप्रैल माह में 300 से बढ़ाकर 600 रुपये की गई राशि जमा हो गई है। सलूजा ने मुख्यमंत्री के इस संवेदनशील और एतिहासिक फैसले से लाभान्वित निराश्रितों की तरफ से उनका आभार व्यक्त किया है।
सलूजा ने कहा कि मुख्यमंत्री बनते ही कमलनाथ ने कर्ज माफी के साथ जो अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए थे, उनमें वृद्धजनों की पेंशन राशि के 300 से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की थी। यह घोषणा कांग्रेस के वचन पत्र में शामिल थी। जिसे मुख्यमंत्री ने पद संभालते ही पूरा किया।
सलूजा ने कहा कि इस निर्णय से 40 लाख से अधिक निराश्रितों के जीवन में अप्रैल माह में खुशी व्याप्त हो गई। उन्होंने कहा कि वचन पत्र पूरा करने वाली सरकार ने पहले दिन से ही समाज के सबसे कमजोर और दीन-हीन लोगों की मदद का बीड़ा उठाया हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को सशक्त बनाने के साथ ही युवा शक्ति को काम देने का संकल्प भी मुख्यमंत्री ने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक-एक वचन को पूरा करने वाली कमलनाथ सरकार ने अपने 100 दिन के अल्प कार्यकाल में ही 83 वचनों को पूरा किया है।
नरेन्द्र सलूजा ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ का प्रथम उद्देश्य समाज के सबसे उपेक्षित और निचले वर्ग का उत्थान करना सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। आचार संहिता हटते ही मुख्यमंत्री इन वर्गों को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर काम करेंगे।
