दुकान के नौकरों ने ही लूटे थे करोड़ों के गहने, पुलिस ने ऐसे खोला राज

मुंबई के माहिम इलाके की एक ज्वेलरी की दुकान से हुई करोड़ों के आभूषण और गहनों की लूट की गुत्थी को मुंबई क्राइम ब्रांच ने सुलझा लिया है. इस मामले में क्राइम ब्रांच की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. करोड़ों रुपयों के इस लूटकांड में उसी दुकान में काम करने वाला एक नौकर भी शामिल है. पुलिस ने उनके पास से लगभग 2 करोड़ की ज्वेलरी और कैश बरामद किया है. (रिपोर्ट- दिवाकर सिंह)

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम की गिरफ्त में दिख रहे यह वही आरोपी हैं जिन्होंने 2 मई को माहिम इलाके की एक ज्वेलरी की दुकान से लूट की घटना को अंजाम दिया था. दिन दहाड़े हुई इस लूटपाट ने मुंबई पुलिस के होश उड़ा दिए थे. जानकारी मिलने के बाद आनन-फानन में क्राइम ब्रांच की कई टीमें गठित की गई. 4 मई को पुलिस को अपने मुखबिरों से आरोपियों के पालघर के वसई इलाके में होने की जानकारी मिली. जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम ने जाल बिछाया और राणा पुरोहित और पुखराज भील को धर दबोचा.

पुलिस की माने तो इस लूटकांड में किसी अंदर के आदमी के शामिल होने का शक उन्हें पहले से था. इसी शक के आधार पर उन्होंने जब जांच शुरू की तो पता चला कि दुकान में काम करने वाला नौकर गायब है. पुलिस का यही शक धीरे-धीरे यकीन में बदलने लगा और मिले सुरागों के आधार पर पहले नौकर पुखराज भील को पकड़ा और फिर उसके साथी को.
पुलिस ने इनके पास से ज्वेलरी की दुकान से लूटे गए गहनों सहित कुल 1.90 करोड़ का सामान जब्त किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 394, 342 और 381 सहित कई अन्य धाराओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी हुई है कि इससे पहले इन लोगों ने इस तरह की वारदातों को कितनी बार अंजाम दिया है और कोई और भी इनके साथ तो नही शामिल है.

2 मई को माहिम के अभिषेक ज्वेलर्स नामक दुकान में काम करने वाले एक नौकर और उसके साथी ने मालिक के साथ जबरदस्ती और मारपीट करके लाखों के गहने लूट कर फरार हो गए थे. मामला दर्ज करने के बाद हमने जांच शुरू की और जानकारी मिलने के बाद दोनों आरोपियों को वसई इलाके से गिरफ्तार कर लिया. शिकायत कुल 84 लाख की हुई थी उसे बरामद कर लिया गया है. आरोपियों से पूछताछ जारी है.

Leave a Reply