सरदार सरोवर बांध से नर्मदा की मुख्य नहर में 5307 क्यूसेक पानी छोड़ा गया

अहमदाबाद | दक्षिण गुजरात स्थित सरदार सरोवर नर्मदा बांध से आज नर्मदा की मुख्य नहर में 5307 क्यूसेक पानी छोड़ा गया| राज्य के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने दो दिन पहले यानी बजट पेश करने से पहले अषाढी दूज से कृषि कार्य के लिए नर्मदा नहर में पानी छोड़ने का ऐलान किया था| नर्मदा नहर में पानी छोड़े जाने से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है| ऊपरी हिस्सों में हो रही बारिश के कारण सरदार सरोवर नर्मदा बांध में 13 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है| जिससे नर्मदा बांध के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है| नर्मदा बांध का मौजूदा जलस्तर 120.03 मीटर पर पहुंच गया है|
केवडिया सब डिवीजन के सहायक अभियंता विकास खोडा ने बताया कि नर्मदा की मुख्य नहर में छोड़ा गया पानी सौराष्ट्र के ध्रांगध्रा, हलवद, मोरबी, वढवाण के अलावा विरमगाम, पाटडी, मांडल, समी, हारिज, राधनपुर, सांतलपुर, भाभर, वाव-थराद, रापर और भचाऊ इलाकों में उपलब्ध कराया जाएगा| बारिश की स्थिति और सिंचाई को ध्यान में रखते हुए जरूरत वाले इलाकों में पानी उपलब्ध होगा| खोडा ने बताया कि कल तक पेयजल के लिए केवल 2800 क्यूसेक पानी छोड़ा जाता था| नर्मदा बांध के ऊपरी हिस्सों में भारी बारिश के कारण गुरुवार को नर्मदा बांध में 16000 क्यूसेक पानी की आय हुई है, जिससे बांध का जलस्तर 120.03 मीटर पर पहुंच गया है|
