IIT बॉम्बे के कैंपस में सांड का आतंक, हमले में 1 छात्र घायल

आईआईटी बॉम्बे में हाल में एक ऐसी घटना हुई जिसने सभी को परेशान कर दिया. दरअसल संस्था के परिसर में सांडों ने इन दिनों आतंक फैला रखा है. हाल में दो सांडों ने आपस में झगड़ते हुए एक छात्र पर हमला कर दिया. इस हमले में वह गंभीर तौर पर घायल हो गया. जिसके बाद उसको अस्पताल में भर्ती करवाया गया. यह घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. सांडों का आतंक परिसर में इस कदर है कि अब इससे निपटने के लिए आपातकालीन समिति का गठन किया गया है. इस बात की जानकारी आईआईटी बॉम्बे के निदेशक ने दी.
पवई के आसपास बढ़ रहे हैं आवारा पशु
जानकारी के अनुसार जो छात्र घायल हुआ है वह तिरुवनंतपुरम का निवासी है. उसकी पहचान अक्षय प्रसन्ना लाठ के तौर पर हुई है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अक्षय सड़क के किनारे खड़ा है और इसी दौरान दो सांड लड़ते हुए उसकी तरफ तेजी से आते हैं और उस पर भी हमला कर निकल जाते हैं. इसके बाद प्रसन्ना बेहोश हाल सड़क पर गिर गया. बाद में वहां मौजूद अन्य छात्रों ने उसको संभाला और अस्पताल में भर्ती करवाया. आईआईटी प्रशासन ने बताया कि इन दिनों आईआईटी के पास पवई इलाके में आवारा पशुओं की संख्या काफी बढ़ गई है और वो परिसर में भी आ जाते हैं.
बीएमसी की ली जाएगी मदद
इस घटना के बाद बनाई गई कमेटी अब इस बात पर विचार कर रही है कि इस समस्या से कैसे निपटा जाए. साथ ही अब बीएमसी की मदद भी ली जा रही है. साथ ही कुछ निजी एजेंसियों को भी पशुओं को हटाने के लिए संपर्क किया जा सकता है. कमेटी इस समस्या का जल्द से जल्द निवारण करने का दावा कर रही है.
