10 साल पुराने ऑटो रिक्शा पर प्रतिबंध

गुरुग्राम । विश्व का सबसे अधिक प्रदूषित शहर होने के कारण गुरुग्राम में 10 साल से ज्यादा पुराने ऑटो रिक्शा पर रोक लगा दी है। इन ऑटो रिक्शा के कारण शहर में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। वहीं शहर में अनाधिकृत रूप से चलाए जा रहे ऑटो रिक्शा के लिए ट्रैफिक पुलिस और क्षेत्रीय यातायात प्राधिकरण के सचिव मिलकर 10 दिन में योजना बनाकर मुख्यमंत्री के पास भिजवाएंगे। यह योजना तैयार करने की जिम्मेदारी पुलिस आयुक्त मोहम्मद अकिल को दी गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को गुरुग्राम में जिला लोक परिवाद समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह आदेश दिए। बैठक में 11 मामले रखे गए थे जिनमें से अधिकांश का निपटारा मुख्यमंत्री ने कर दिया। मुख्यमंत्री के सामने शिकायत रखी गई थी कि गुरुग्राम में बहुत सारे ऑटो रिक्शा बिना फेयर मीटर और बिना रजिस्ट्रेशन के चलाए जा रहे हैं। यह मामला पिछली बैठक में भी रखा गया था जिसमें मुख्यमंत्री ने प्रदेश के ट्रांसपोर्ट विभाग को इस बारे में पॉलिसी बनाने के निर्देश दिए थे। इसी बीच क्षेत्रीय यातायात प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि ऑटो रिक्शा पर फेयर मीटर लगाने के लिए 30 मई 2019 को परिवहन विभाग ने नए मीटर लगाने के लिए अधिसूचना जारी की गई थी और जल्द ही नए मीटर लगाने को लेकर टेंडर किए जाएंगे।
