कांग्रेस एमएलए यशोमती ठाकुर ने हॉस्पिटल में जमकर किया हंगामा

मुंबई. महाराष्ट्र कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष और तिवसा से विधायक यशोमती ठाकुर पर हॉस्पिटल में पहुंच अस्पताल कर्मियों और पुलिसवालों के साथ हाथापाई करने का आरोप है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
कर्नाटक के विधायक से मिलने पहुंची थी यशोमती
दरअसल, यशोमती ठाकुर और पुलिस के बीच शुक्रवार को सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल में तीखी नोकझोंक देखने को मिली। वे यहां पर कर्नाटक कांग्रेस के विधायक श्रीमंत पाटिल से मुलाकात का प्रयास कर रही थीं। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से पूछा कि जब यहां कार्डिएक यूनिट नहीं है तो हृदय की बीमारी का इलाज कैसे किया जा रहा है?
पुलिसवालों से हाथापाई का आरोप
जो वीडियो सामने आया है उसमें वह कई पुलिसकर्मियों के साथ तेज आवाज में बातचीत करती हुई नजर आ रही हैं। यशोमती ठाकुर को एक महिला पुलिसकर्मी समझाने की कोशिश करती है तो वह उससे कहती हैं, 'मुझे टच मत करो। मुझसे बहस मत करो, मैं अपने विधायक को देखना चाहती हूं।' इस बीच वह अस्पताल प्रबंधन के एक शख्स का हाथ पकड़ लेती हैं, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी हाथ छुड़वाकर उन्हें दूर करते हैं। यही नहीं, यशोमती उन्हें गालीगलौच भी करते हुए दिखाई देती हैं।
अस्पताल में मौजूद पुलिस अधिकारी यशोमती से वहां से जाने का आग्रह करते हैं। इस पर वह कहती हैं, 'नहीं जाऊंगी तो…।' यशोमती ने आरोप लगाते हुए यह भी कहा, 'वर्दी में आप लोग मदद कर रहे हो उन्हें पैसे खाने के लिए।'
