पत्नी के प्रेमी ने छुरा घोंपकर ली पति की जान

जींद । हरियाणा के जींद जिले में अलेवा स्थित नगूरां गांव में एक महिला ने अपने प्रेमी के मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोपी प्रेमी विक्की हिसार के नहला का रहने वाला है। बता दें कि पत्नी पूजा ने पति कर्मबीर के आने से पहले ही अपने प्रेमी को घर के चौबारे में रखे बेड के अंदर छिपा दिया था। जानकारी के अनुसार, बीते 2 अगस्त को पूजा ने अपने पति कर्मबीर के सोने के बाद रात करीब 1.30 बजे विक्की काे बेड से बाहर निकाला। लेकिन भनक लगते ही कर्मबीर चारपाई से उठकर खड़ा हो गया। तभी मौका देखते ही आरोपी विक्की ने हाथ में लिए तेजधार हथियार से कर्मबीर की गर्दन पर हमला कर दिया। कर्मबीर के घायल होने के बाद विक्की ने कर्मबीर के शरीर पर धारदार हथियार से कई बार वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रेमी छत से कूदकर मौके से फरार हो गया। जानकारी पाकर उचाना के डीएसपी दलीप सिंह और अलेवा थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना का मुआयना किया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के भाई के बयान के आधार पर मृतक की पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के बाद पुलिस ने हत्यारोपी महिला को बीते बुधवार को जींद अदालत में पूछताछ के लिए पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, हत्या में शामिल हिसार के महिला के प्रेमी नहला निवासी विक्की को पुलिस ने 6 अगस्त यानी मंगलवार देर रात महिला की ही निशानदेही पर बरवाला से गिरफ्तार कर लिया है।
