चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका! हुड्डा कर सकते हैं नई पार्टी का ऐलान

हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Election 2019) से ठीक पहले रविवार को कांग्रेस (Congress) को बड़ा झटका लग सकता है. एक समय में राज्य में कांग्रेस के प्रमुख नेता रहे और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं. इसको लेकर काफी गहमा गहमी है और कांग्रेस आलाकमान से लेकर राज्य के नेताओं तक की हुड्डा के फैसले पर नजर है.

अगर हुड्डा नई पार्टी का ऐलान करते हैं तो अंदरूनी कलहों से जूझ रही कांग्रेस के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं होगा. हु्ड्डा के नई पार्टी बनाने की चर्चा पिछले दिनों से जोरों पर है. वहीं पूर्व सांसद दीपेंद्र हुड्डा (Deependra Singh Hooda) का Article 370 पर पार्टी लाइन से अलग बयान देना भी कांग्रेस को एक इशारा माना गया था.

हुड्डा ने की थी दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात
रोहतक (Rohtak) रविवार को होने वाली रैली से एक दिन पहले हुड्डा ने दिल्ली में कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेताओं से चर्चा भी की. हालांकि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से हुड्डा की मुलाकात नहीं होने को लेकर भी चर्चाएं जोरों पर हैं. हुड्डा को करीब से जानने वाले और राज्य की राजनीति पर नजर रखने वालों का कहना है कि या तो हुड्डा रोहतक की महापरिवर्तन रैली में अपनी नई पार्टी का ऐलान करेंगे या आगामी विधानसभा चुनाव किसी अन्य दल के साथ लड़ने की घोषणा कर सकते हैं.

लोकसभा चुनाव में हार के बाद शुरू हुई थी हुड्डा के खिलाफ गोलबंदी
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को हरियाणा में मिली करारी हार के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ गोलबंदी शुरू हो गई थी. पार्टी के नेता विधानसभा चुनाव हुड्डा के नेतृत्व में लड़ने के पक्ष में नहीं हैं. लोकसभा चुनाव के दौरान हुड्डा के प्रभाव वाले जाट वोट बैंक में भी बीजेपी ने सेंधमारी कर दी है. ऐसे में कांग्रेसी यह तथ्य रखकर हुड्डा का विरोध कर रहे हैं.

कांग्रेस को हुड्डा की रैली का इंतजार
बता दें कि फिलहाल हरियाणा में कांग्रेस के 16 विधायक हैं. कहा जा रहा है कि 12 विधायक भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थन में हैं. कुछ नेता हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर के समर्थन में भी हैं. कई घड़ों में बंटी कांग्रेस अब हुड्डा के अगले रणनीति का इंतजार कर रही है.

Leave a Reply