थाने की दूसरी मंजिल से छलांग लगाने से एसआई की मौत, इस वजह से चल रहा था परेशान

विभागीय जांच शुरू होने से परेशान चंडीगढ़ पुलिस के सब इंस्पेक्टर गुलजार सिंह (55) ने बुधवार सुबह सेक्टर-19 थाने की दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय गुलजार सिंह ड्यूटी सेक्टर-19 थाने में ही थी। हादसे के बाद गुलजार को फौरन पीजीआई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुलजार के पर्स और उनकी फाइल से एक सुसाइड नोट की दो कॉपियां बरामद हुई हैं, जिसमें गुलजार ने यूटी पुलिस में ही तैनात एक एसएचओ और आला अधिकारी पर तंग करने का आरोप लगाते हुए दोनों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। हालांकि पुलिस सुसाइड नोट को लेकर कुछ नहीं बता रही।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10.50 बजे एसआई गुलजार सिंह ने सेक्टर-19 थाने के टॉप फ्लोर (दूसरी मंजिल) से नीचे छलांग लगा दी। वह सुबह करीब 10 बजे अपनी ड्यूटी पर आए थे। हादसे के थोड़ी देर बाद जब उनका बेटा थाने पहुंचा तो गुलजार को देखकर दंग रह गया।
वह मालखाने की पार्किंग में खून से लथपथ गिरे पड़े थे। शोरशराबे के बाद अन्य पुलिसकर्मी मौके पर आए। इसके बाद गुलजार को फौरन पीजीआई ले जाया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि गुलजार विभागीय जांच शुरू होने से परेशान थे। अंदेशा है कि इसी कारण उन्होंने थाने की दूसरी मंजिल से छलांग लगाई।
