युवक पर चोरी का शक पड़ा भारी, ग्रामीणों ने की पिटाई और सार्वजनिक रूप से किया अपमानित

सोनभद्र। जिले के करारी गांव में चोरी के संदेह में एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया, उसके कपड़े फाड़ दिए और चेहरे पर चूना व कालिख पोतकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। वीडियो के सार्वजनिक होने के पश्चात रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने छह आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की और मंगलवार को पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है।

खंभे से बांधकर मारपीट और अपमानित करने का मामला

सीओ सिटी रणधीर मिश्रा के अनुसार करारी गांव के कुछ घरों से अनाज व घरेलू सामान चोरी हुआ था, जिस पर ग्रामीणों को गांव के ही एक युवक पर संदेह था। ग्रामीणों का कहना है कि युवक चोरी का सामान लेकर जा रहा था, इसी दौरान उसे दबोच लिया गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई, कपड़े फाड़ दिए गए और रस्सी के सहारे उसे बिजली के खंभे से बांध दिया गया। आरोपितों ने युवक के चेहरे पर चूना और कालिख पोतकर उसे अपमानित किया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई

इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मंगलवार सुबह ओमप्रकाश, उसके पिता राजनारायण, रामसनेही और कुबेर को गिरफ्तार किया, जबकि दोपहर बाद रामसनेही के बेटे मनीष यादव को भी पकड़ लिया गया। इसके साथ ही एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

Leave a Reply