छत्तीसगढ़ कोयला घोटाले की जांच में नया मोड़, IAS मौर्य का नाम आया सामने

बिलासपुर। हाईकोर्ट ने कोयला लेवी घोटाले में ईओडब्ल्यू तथा एसीबी की पूरक चालान में आईएएस अधिकारी जयप्रकाश मौर्य का नाम शामिल किए जाने के विरोध में दायर अग्रिम जमानत याचिका पर शासन से जवाब तलब किया है। छत्तीसगढ़ में सामने आए कोयला लेवी घोटाला प्रकरण में एसीबी, ईओडब्ल्यू और प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व कलेक्टर रानू साहू, सूर्यकांत तिवारी, पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के ओएसडी समेत अन्य लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

छठे पूरक चालान और नकद लेनदेन का आरोप

जांच पूरी होने के बाद जांच एजेंसी ने 5 अक्टूबर 2026 को विशेष न्यायालय में छठा पूरक चालान दाखिल किया है, जिसमें खनिज संपदा विभाग के पूर्व संचालक आईएएस जयप्रकाश मौर्य का नाम भी जोड़ा गया है। एजेंसी ने चालान में जब्त डायरियों के हवाले से यह दावा किया है कि तत्कालीन खनिज संचालक जयप्रकाश मौर्य ने मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी से लगभग 1 करोड़ रुपये नकद प्राप्त किए थे।

अवैध लेवी वसूली और प्रशासनिक फैसलों की भूमिका

कोयला ढुलाई पर 25 रुपये प्रति टन और आयरन पैलेट यानी लौह अयस्क के परिवहन पर 100 रुपये प्रति टन की अवैध वसूली प्रणाली को लागू करने तथा संचालित करने में जयप्रकाश मौर्य की भूमिका बताई गई है। जांच एजेंसी का आरोप है कि जुलाई 2020 में ऑनलाइन ई-परमिट से पूर्व जिला खनिज अधिकारी की अनुमति अनिवार्य करने और जनवरी 2022 में ट्रांजिट-पास व्यवस्था लागू करने के निर्णयों से सिंडिकेट को अवैध वसूली में सहायता मिली, जबकि एजेंसी के मुताबिक ये प्रशासनिक फेरबदल बिना किसी ठोस राजस्व हानि के आधार के किए गए थे।

Leave a Reply