सीसीटीवी कैमरों से अपराधिक व असमाजिक तत्वों में रहता है ख़ौफ : डीआईजी

भोपाल । शहर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता बनाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न संस्थानों, बैंक, हॉस्पिटल, स्कूल, कॉलेज, शॉपिंग मॉल आदि के संचालकों/मालिकों की पुलिस कंट्रोल रूम में लगातार बैठक ली जा रही है, जिससे संस्थानों में सुरक्षा के साथ साथ उसके आसपास का क्षेत्र भी सुरक्षित रहे एवं वहां आने वाले ग्राहक/मरीज एवं आमजन भी सुरक्षित रह सके। इसी क्रम में आज पुलिस कंट्रोल रूम में मैरिज गार्डन व मैरिज हॉल संचालकों की बैठक आयोजित की गई।
किसी भी व्यापार/व्यवसाय या व्यवस्था को सुरक्षित व सुचारू रूप से संचालित करने के लिए संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतेजाम होना अति आवश्यक है, जिससे संस्थानों की सुरक्षा के साथ-साथ आमजन की भी सुरक्षा की जा सके, इसलिए यह सुनिश्चित करें कि अपने-अपने संस्थानों में अच्छी गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगवाएं, इमरजेंसी अलार्म, अग्निशमन यंत्र एवं कुशल सुरक्षा गार्ड अनिवार्य रूप से रखें व संस्थानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से करवाएं। यह आवश्यक सुझाव डीआईजी शहर श्री इरशाद वली द्वारा आज शाम मैरिज गार्डन व मैरिज हॉल संचालकों की बैठक में दिये गये।
डीआईजी श्री इरशाद वली ने व्यवहारिक उदाहरण देते हुए बताया कि मैरिज गार्डन व हॉल में अकसर बच्चों व महिलाओं द्वारा चोरी की घटनाएं होती रहती है। इसलिए अगर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड एवं सीसीटीवी कैमरे रहेंगे तो काफी हद तक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। इसके साथ-साथ पार्किंग की व्यवस्था करें ताकि यातायात व्यवस्था के साथ ही एक्सीडेंट की घटनाओं को रोका जा सके। अगर दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटती भी है तो अच्छी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों तक पहुचां जा सके।
बैठक में एएसपी श्री निश्छल झारिया ने कहा कि किसी भी समस्या या अनहोनी से बचने के लिए लाइसेंस का नवीनीकरण समय पर करते रहे। लाउड स्पीकर धीमी आवाज व निर्धारित समय तक ही बजावें। किसी भी प्रकार की शराब आदि मादक पदार्थ न परोसे एवं किसी भी विवाद के स्थिति में सम्बंधित थाने पर या डायल 100 पर तत्काल सूचना देंवें व सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें। उपस्थित संचालकों द्वारा सभी सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना एवं पुलिस के प्रयास को काफी सराहा एवं अपने विचार व सुझाव रखे। बैठक में एएसपी साइबर श्री संदेश जैन एवं उक्त संस्थानों के करीब 70-80 संचालक/मालिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply