550वां प्रकाश पर्वः 28 अक्टूबर से अमृतसर से ऑकलैंड के बीच उड़ान शुरू, जानें पूरी डिटेल

श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सिंगापुर एयरलाइन्स 28 अक्तूबर से अमृतसर-ऑकलैंड के बीच एक उड़ान शुरू करने जा रही है। सिंगापुर एयरलाइन्स अपनी एक अन्य हवाई कंपनी स्कूट एयरलाइन्स के साथ उक्त उड़ान को सिंगापुर-ऑकलैंड के साथ जोड़ेगी।
ऑकलैंड जाने वाले यात्रियों को अब दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नहीं जाना होगा। जिससे यात्री 20 घंटे 20 मिनट में ऑकलैंड पहुंच जाएंगे।
यात्रियों को सिंगापुर से ऑकलैंड जाने के लिए सिंगापुर के हवाई अड्डे में 4 घंटे 40 मिनट का इंतजार करना पड़ेगा। इस दौरान यात्रियों को विश्व प्रसिद्ध सिंगापुर के छेंगी एयरपोर्ट घूमने की सुविधा भी मिलेगी। यह जानकारी फ्लाई अमृतसर इनिशिएटिव के ग्लोबल कन्वीनर समीप सिंह गुमटाला ने दी है।
उन्होंने बताया कि इस उड़ान की बुकिंग शुरू हो चुकी है। हवाई कंपनियों के लिए सर्दी का मौसम अक्तूबर से मार्च तक का होता है। सिंगापुर एयरलाइंस का अमृतसर-ऑकलैंड के बीच का संपर्क मार्च 2020 तक है। मार्च के बाद अमृतसर से ऑकलैंड वाया सिंगापुर जाने वाले यात्रियों को आठ घंटे से अधिक का इंतजार करना होगा।
समीप सिंह के अनुसार यह उड़ान शुरू होने से न्यूजीलैंड से आने वाले पंजाबियों को आसानी होगी। न्यूजीलैंड में बसे पंजाबी बड़ी संख्या में गुरुद्वारा श्री करतापुर साहिब के दर्शनों के लिए आ रहे हैं। यह उड़ान शुरू होने से उनका समय और पैसा दोनों बचेगा। यह उड़ान सप्ताह में चार से पांच दिन चलेगी।
