यूपी-महाराष्ट्र समेत इन पांच राज्यों ने बढ़ा रखी है भारत की टेंशन, जानें कहां कितने कोरोना केस

नई दिल्ली |  बीते कुछ समय से भले ही देश में कोरोना वायरस के नए मामलों में कमी देखने को मिल रही है, मगर कुछ राज्यों ने अब भी भारत की चिंता बढ़ा रखी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में करीब 56 फीसदी मामले सिर्फ पांच राज्यों में हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के सबसे ज़्यादा एक्टिव मामले उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, केरल और महाराष्ट्र में हैं। इस तरह से देश के आधे से अधिक कोरोना वायरस के मामले सिर्फ इन्हीं पांच राज्यों से हैं। इन पांचों राज्यों में से सबसे ऊपर महाराष्ट्र है जहां कोरोनावायरस के 21.62 प्रतिशत सक्रिय मामले हैं। इसके बाद केरल में 17.01 प्रतिशत, पश्चिम बंगाल में 6.29 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 5.58 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश में 5.57 प्रतिशत ऐक्टिव मामले हैं।
बता दें कि देश में करीब पांच महीने बाद मंगलवार को कोविड-19 के 23 हजार से कम नए मामले सामने आए थे। कोरोना के औसत रोजाना मामलों में लगातार पिछले पांच हफ्तों से गिरावट देखी जा रही है, जो कि राहत भरी खबर है। वहीं, मरीजों के ठीक होने की दर भी 95 प्रतिशत से अधिक हो गई है। यह दर विश्व में सबसे अधिक संक्रमण वाले देशों में सर्वाधिक है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कोरोना के रोजाना मामलों की वृद्धि दर में लगातार कमी आ रही है। 9 से 15 नवंबर के बीच पॉजिटिविटी रेट 4.32 फीसदी थी जबकि 16 से 22 नवंबर के बीच यह दर 4.08 फीसदी पर आ गई। वहीं, 23 से 29 नवंबर के बीच यह 3.82 फीसदी, 30 नवंबर से छह दिसंबर के बीच 3.36 फीसदी दर्ज की गई। राहत की बात है कि बीते सप्ताह में यह दर 3.16 फीसदी पर आ गई है। 

अब तक 15 करोड़ से अधिक जांच 
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में 14 दिसंबर तक 15,55,60,655 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई, जिनमें से 9,93,665 नमूनों की जांच सोमवार को की गई। आंकडों के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 354 लोगों की मौत हुई, उनमें से दिल्ली और महाराष्ट्र के 60-60, पश्चिम बंगाल के 43, केरल के 24 और पंजाब के 21 लोग थे। देश में वायरस से अभी तक 1,43,709 लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय के अनुसार, उसके आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है। 

Leave a Reply