पत्नी की हत्या कर शव आंगन में किया दफन

वाराणसी । जिले में एक व्यक्ति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह होने पर उसकी हत्या कर दी तथा शव घर के आंगन दफन कर दिया और जब उसके नाबालिग बेटे को इस घटना का पता चला तो आरोपी पिता पकड़े जाने के डर से फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक यह घटना लोहता क्षेत्र के भिटारी गांव की दलित बस्ती में सोमवार को हुई। यहां खिलौना कारीगर राजेंद्र प्रसाद ने अपनी पत्नी आशा देवी के चरित्र पर संदेह होने के बाद उसकी हत्या कर दी। मृतका की आंखें निकाल ली गई थीं तथा मुंह में कपड़े ठुंसे हुए थे। मृतका के तीन बेटे और एक बेटी हैं। बेटी की शादी हो चुकी है। तीनों बच्चें मजदूरी करते हैं। बताया जाता है कि राजेंद्र ने आशा के मुंह में कपड़े ठुंस कर सिर पर किसी वजनी चीज से वार हत्या कर दी। मृत्यु के बाद अपने आंगन में गड्डा खोद कर शव को दफन कर रहा था तभी 13 साल का उसका सबसे छोटा बेटा अमर कहीं से आ गया। शव को दफन कर फावड़े से मिट्टी पाट रहे पिता से उसने मां के बारे में पूछा तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बताया कि वह ज्वैलरी की दुकान पर गई है। अमर ने संदेह होने पर पिता से आंगन में मिट्टी पाटने का कारण पूछा। पूछते ही आरोपी साइकिल लेकर फरार हो गया। इसके बाद बेटे ने फावड़े से मिट्टी हटायी तो उसमें मां का क्षतविक्षत शव पड़ा मिला।
अमर के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंच गये। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इस आधार पर जांच अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गये तथा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इस वजह से आये दिन दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। आसपास के लोग भी दोनों के झगड़े के बीच आमतौर पर बीच-बचाव करने नहीं आते थे। अभियुक्त राजेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
