दरभंगा में जल नल योजना की उड़ी धज्जियां, पानी की टंकी गिरी

दरभंगा । बिहार के दरभंगा में बना नया नवेला जलमीनार टंकी में पानी भरते ही धराशायी होकर गिर गया। इसके कारण उस पर रखा दस हजार क्षमता वाला पानी टंकी भी पूरी तरह टूट गई। गनीमत रही है कि इस घटना में जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। मगर, जलमीनार गिरने के बाद गांव में लोगो और अधिकारियो के बीच हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घटना के बाद बहादुरपुर प्रखंड के बीडीओ मौके पर पहुंचे लेकिन गड़बड़ी की जांच की और बात को संभाला। इस मौके पर ही उन्होंने कहा कि छत ढलाई के महज दस बारह दिन में ही सेंटरिंग खोल पानी टंकी चढ़ा देने के कारण ऐसी घटना हुई है। हालांकि इसकी हर पहलू की जांच भी की जाएगी। वहीं, गांव के लोगों ने साफ शब्दो में कहा कि कमीशनखोरी के कारण घटिया निर्माण किया गया और यही वजह है कि नया नवेला पानी टंकी जमींदोज़ हो गया। ग्रामीणों ने सीधे तौर पर कहा की घटिया निर्माण के कारण यह पानी टंकी गिरी है, यहां बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी होती है जिसमे ज्यादा से ज्यादा तक पैसे बचाने के कारण घटिया निर्माण किया गया। रणधीर कुमार ने दावा किया कि सरकार के प्राक्कलन के अनुसार काम नहीं होता है चाहे वह पाइप हो या निर्माण सामग्री।
मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत हर घर नल योजना के लिए साल 2020 के अप्रैल माह में ही वार्ड क्रियावान प्रबन्धन समिति को 15 लाख रुपए भेजे गये थे और इसी राशि से टंकी बनी थी। मौके पर पहुंचे बहादुरपुर प्रखंड के बीडीओ प्रदीप कुमार झा ने कहा कि यहां जल्द से जल्द काम करने का आदेश दिया गया गया था। उन्होंने बताया कि उसी राशि से जल्द से जल्द दूसरा जलमीनार बनाने का आदेश दिया गया है इसके लिए अलग से कोई बजट नहीं दिया जाएगा।
