राजस्थान निकाय चुनाव परिणाम: निर्दलीयों ने बिगाड़ा खेल, BJP को डरा रहे हैं आंकड़े

जयपुर. नगरीय निकाय के नतीजों (Rajasthan Municipal Election Results) में कांग्रेस बीजेपी पर फिर भारी पड़ी है. कुल 3035 वार्डों में से बीजेपी (BJP) के खाते में सिर्फ 1140 वार्ड आये हैं. जबकि कांग्रेस (Congress) ने 1197 वार्डों में जीत हासिल की है. इन चुनावों में निर्दलीयों (Independents) ने कांग्रेस के बजाय बीजेपी को जबर्दस्त नुकसान पहुंचाया है. निर्दलीय 634 वार्डों में जीते हैं. चुनावों में बीजेपी के कई गढ़ ढह गये हैं लेकिन उसने अजमेर नगर निगम और किशनगढ़ नगरपरिषद जैसे बड़े नगर निकायों में शानदार जीत हासिल की है.
निकाय चुनाव में पिछड़ी बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया कह रहे हैं कि पार्टी आत्मचिंतन करेगी कि आखिर कमी कहां रह गई ? हाल ही में हुये इन 90 निकायों में से बीजेपी पहले 60 पर काबिज थी. लेकिन इन निकायों के नतीजों में पार्टी पिछड़ गई है. शहरों में हमेशा आगे रहने वाली पार्टी के कई गढ़ या तो ढह गये या फिर निर्दलीयों ने खेल बिगाड़ दिया. कांग्रेस सत्त्ता में है इसलिए स्वाभाविक है कि निर्दलीयों का झुकाव भी उसकी तरफ ही रहेगा. यही चिंता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया को परेशान करने के लिए काफी है. अब उनकी कोशिश निर्दलीयों को साथ लेने की है.
जो चुनाव हार गये उन्हें बाड़ेबंदी से आजाद कर दिया गया है
प्रदेशभर में जीते हुए पार्षदों की दोनों ही पार्टियों ने बाड़ेबंदी कर रखी है. जो चुनाव हार गये उन्हें बाड़ेबंदी से आजाद कर दिया गया है. अब दोनों दलों की कोशिश कुनबा बढ़ाने की है. निर्दलीयों को अपने पाले में लाने के लिए दोनों ही दल जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं. पद के ऑफर से लेकर प्रलोभन तक दिया जायेगा. बीजेपी के नेता आरोप लगा रहे है कि सरकार बोर्ड बनाने के लिये सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करेगी. लेकिन बीजेपी कार्यकर्ता इसका पूरी ताकत के साथ मुकाबला करेंगे.
उपचुनाव वाले क्षेत्रों की हार रात को सपने में भी डरायेगी
निकाय चुनावों के इन नतीजों में बीजेपी को राजसमंद, भींडर और सुजानगढ़ में हुई हार रात को सपने में भी डरायेगी. पार्टी को उपचुनाव की रणनीति में बदलाव करना होगा. सहाड़ा की गंगापुर नगरपालिका में बीजेपी बहुमत हासिल करने में कामयाब रही. निकाय चुनाव के ये रिजल्ट बीजेपी के लिए वेक अप कॉल की तरह है. जाहिर है उपचुनावों में जाने से पहले बीजेपी ओवर कॉन्फिडेंस से बचना चाहेगी.
