सतारा के स्कूल में 14 और बच्चे पाए गए कोरोना पॉजिटिव, स्कूल बंद

मुंबई । महाराष्ट्र में पिछले 10 दिनों में कोरोना वायरस के मामले में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई जिलों में स्कूल-कॉलेजों को बंद कर दिए गए हैं। मंगलवार को राज्य के सतारा जिले के पुसेगांव के सेवागिरी स्कूल में 14 और बच्चे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले इस स्कूल के 9 बच्चों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। अब तक जिले के सेवागिरी स्कूल में 23 बच्चे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। जिला प्रशासन ने कोरोना के इतने मामले में सामने आने के बाद स्कूल को बंद कर दिया हैं। जानकारी के मुताबिक, इस स्कूल में 5वीं से 10वीं तक के बच्चे पढ़ते हैं। सतारा के दहीवड़ी गांव में कोरोना वायरस के 200 मामले सामने आने के बाद पूरे गांव को कंटेनमेंट जोन में बदल दिया गया है और गांव से किसी की भी आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। बता दें कि सतारा में नाइट कर्फ्यू लागू है और रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक आवाजाही पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगी है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि गत 24 घंटे में जिले में कोरोना वायरस के 201 नए मामले में सामने आए थे, जबकि कुछ दिनो पहले तक दैनिक आंकड़ा 100 के आसपास रहता था।
