बिहार के मजदूरों को बीच रास्ते में उतारकर भाग रहा था बस ड्राइवर

पानीपत। बिहार के अररिया जिले के सैकड़ों मजदूरों को बस चालक ने पानीपत में उतार दिया। जबिक उनसे बस चालक ने प्रति यात्री 2000 हजार रुपए जम्मू-कश्मीर पहुंचाने के लिए थे। बस आपरेटर के पास पंजाब और जम्मू का परमिट न होने कारण ड्राइवर प्रवासी मजदूरों को जीटी रोड पर उतार कर भागने की फिराक में था। मजदूरों का शोर सुन किसी स्थानीय व्यक्ति ने मीडिया को सूचना दे दी। बस ऑपरेटर ने मीडिया के दबाव में मजदूरों को गंतव्य तक पहुंचाने की हामी भरी। बस स्टेंड के बाहर जीटी रोड पर यात्रियों ने बताया कि वो 4 दिन से बस में ही घूम रहे हैं। अब उन्हें पानीपत बस स्टेंड के पास उतार दिया गया।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं। उनके पास अब खाने का सामान भी नहीं बचा है। बस चालक ने उन्हें बीच रास्ते में छोड़ दिया। वहीं जब मीडिया कर्मी मौके पर पहुंचे तो बस चालक ने आनन-फानन में सभी यात्रियों को बस में बैठाया और उन्हें उनके गंतव्य पर छोड़ने की बात कही। लेकिन बस चालक करीब 3 किलोमीटर आगे टोल प्लाजा पर फिर से यात्रियों को सड़क पर उतार दिया। मजदूर बस चालक के रवैया से काफी परेशान दिखे और मीडिया के सामने गुहार लगाते रहे कि उन्हें उनके गंतव्य तक छोड़ा जाए। वहीं मौके पर पुलिस भी पहुंची और बस चालक से बात कर मजदूरों को उनके गंतव्य पर छोड़ने की बात कही।
