अमरनाथ यात्रा के दौरान हादसा, गांदरबल में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बस; 30 लोग घायल

गांदरबल। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के गुंड इलाके में मंगलवार को हरिगनीवान के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अमरनाथ तीर्थयात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें करीब 30 यात्री घायल हो गए। हादसे के समय बस में लगभग 40 श्रद्धालु सवार थे।
अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बस
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अमरनाथ श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बस हरिगनीवान के एस-मोड के पास अचानक बेकाबू हो गई और सीधे सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा समाई।
मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), स्थानीय प्रशासन और गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी बचाव टीमों ने मिलकर तेजी से राहत कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुँचाया।
