अभ्यर्थियों ने सरकार को दिया साफ संदेश, मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

पटना:बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों को दूर करने और अटकी हुई बहाली प्रक्रियाओं को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर छात्र नेता दिलीप कुमार और सौरभ कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों का आंदोलन गर्दनीबाग धरनास्थल पर जारी है। इस आंदोलन के तहत छात्र अनिश्चितकालीन 'छात्र न्याय सत्याग्रह' पर बैठे हैं। बिहार स्टूडेंट यूनियन और ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन ने बीपीएससी (BPSC TRE 4, BPSC 70वीं), दरोगा भर्ती और अन्य परीक्षाओं को लेकर सरकार के सामने 13 सूत्री मांगें रखी हैं।
छात्र नेताओं की प्रमुख मांगें और अल्टीमेटम
चौथा चरण शिक्षक भर्ती (TRE-4): छात्र नेता दिलीप कुमार ने मांग की है कि बिहार लोक सेवा आयोग चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा में पीटी-मेंस और नेगेटिव मार्किंग के नियमों को वापस ले और डोमिसाइल नीति को स्पष्ट करे। साथ ही, पूर्व की परीक्षाओं की तरह इसे आयोजित किया जाए।
परीक्षाओं का निरस्तीकरण और नई तिथियां: ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन के बैनर तले 70वीं BPSC परीक्षा और 1,799 पदों वाली दरोगा भर्ती परीक्षा को पूरी तरह निरस्त करने की मांग की गई है। इसके अलावा BSSC की इंटरमीडिएट, CGL, ASO और BSO समेत सभी लंबित परीक्षाओं को जल्द आयोजित करने की आवाज उठाई गई है।
पारदर्शिता की मांग: अभ्यर्थियों ने मांग की है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रश्नपत्र, उत्तर-कुंजी और OMR शीट अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जाए, तथा रद्द परीक्षाओं की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों की जवाबदेही तय की जाए।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की अपील
छात्रों के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने छात्रों से सरकार पर भरोसा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग छात्रों को भड़काने और गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जिनका अपना राजनीतिक एजेंडा हो सकता है। सरकार विद्यार्थियों के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और मुख्यमंत्री भी छात्रों से जुड़े मुद्दों के प्रति संवेदनशील हैं।
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार युवाओं को रोजगार और भर्ती के अधिक अवसर देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, और चौथे चरण की शिक्षक भर्ती की वैकेंसी भी जारी की जा चुकी है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे किसी के बहकावे में न आएं और नियमों के तहत आगे बढ़ रही भर्ती प्रक्रियाओं पर विश्वास रखें।
