CM शिवराज बोले- उनका दिमाग ‘तालिबानी’ हो गया है; विजयवर्गीय ने कहा- दिग्विजय किस-किस के संपर्क में, जांच हो रही है

पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्रीय एजेंसियों के अफसरों के तालिबानी नेताओं से मिलने की खबर पर मोदी सरकार को घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के मोदी सरकार से किए एक सवाल से BJP तिलमिला गई है। दिग्विजय ने केंद्रीय एजेंसियों के अफसरों के तालिबानी नेताओं से मिलने की खबर का हवाला देकर सोशल मीडिया पर लिखा- यह बहुत गंभीर विषय है। भारत सरकार को इस विषय पर तत्काल वक्तव्य देना चाहिए। क्या BJP IT सेल इसको संज्ञान में लेकर राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में लेगा? इस पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दिग्विजय का दिमाग ही तालिबानी हो गया है।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर शिवराज BJP ऑफिस में पहुंचे थे। मीडिया ने उनसे दिग्विजय के केंद्र सरकार से पूछे सवाल पर प्रतिक्रिया मांगी। जिस पर शिवराज ने कहा कि दिग्विजय सिंह मानसिक रूप से तालिबानी हो गए हैं।

दिग्विजय सिंह के केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारियों के तालिबान से संपर्क होने और उसकी जांच करने के सवाल BJP के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि दिग्विजय सिंह किस -किस के संपर्क में है अभी तो इसकी जांच हो रही है, लेकिन कौन सी एजेंसी जांच कर रही है, इस सवाल को विजयवर्गीय टाल गए।

प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने दिग्विजय सिंह को राम मंदिर ट्रस्ट मामले में लगाए गए आरोपों का जवाब दिया। सारंग ने कहा कि दिग्विजय पाकिस्तानी भाषा बोलते हैं। उनके बैंक एकाउंट और कॉल डिटेल की जांच की जानी चाहिए। कांग्रेस नहीं चाहती है कि राम मंदिर बने। दिग्विजय सिंह ऐसे बयान देकर पाकिस्तान परस्ती, देश को तोड़ने की और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के नाम को बदनाम करने की कोशिश करते हैं।

Leave a Reply