स्वाति से मारपीट की FIR के बाद एक्शन में दिल्ली पुलिस, आधी रात विभव के घर पहुंची लेकिन…

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर अपने साथ हुई बदसुलूकी के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने आखिरकार तीन दिन बाद पुलिस को लिखित शिकायत दे दी। स्वाति ने गुरुवार को अपने आवास पर आए पुलिस अधिकारियों को करीब साढ़े चार घंटे तक विस्तार से आपबीती बताई।
ढाई पेज की शिकायत में दर्ज हैं ये बातें
ढाई पेज की शिकायत में उन्होंने बताया कि मैं सोमवार को जब सीएम आवास पहुंची, तब केजरीवाल आवास पर ही थे। मैं ड्राइंग रूम में सीएम का इंतजार कर रही थी। तभी सीएम का पीए (निजी सहायक) विभव कुमार वहां आया और गालियां देने लगा। इसके बाद काफी देर तक मेरी बुरी तरह पिटाई की। मुझे थप्पड़ व लातों से मारा। पेट में लात मारी और शरीर के अन्य हिस्से पर भी चोट पहुंचाई। इतना पीटा कि मैं अचेत हो गई थी।
पुलिस ने इन धाराओं में मामला किया दर्ज
इस शिकायत के बाद पुलिस ने सिविल लाइंस थाने में विभव कुमार के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने व महिलाओं की बेइज्जती करने की धाराओं में केस दर्ज किया है। इनमें छेड़खानी गैरजमानती धारा है।
स्वाति का हुआ मेडिकल और रात पौने 12 बजे विभव के घर पहुंची थी पुलिस
पुलिस ने देर रात एम्स में स्वाति का मेडिकल कराया और करीब 11:45 बजे विभव कुमार को गिरफ्तार करने उसके सिविल लाइंस स्थित आवास पर पहुंची, लेकिन वह नहीं मिला।
आज केजरीवाल के आवास की जांच कर सकती है पुलिस
पुलिस अब केजरीवाल व घटना के समय मौके पर मौजूद कर्मियों से भी पूछताछ कर सकती है। साथ ही साजिश के पहलू पर भी जांच करेगी। इसमें जिनकी भूमिका सामने आएगी, उन्हें आरोपित बनाया जाएगा। शुक्रवार को पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने व पूछताछ करने सीएम आवास जाएगी।
विभव को आज एनसीडब्ल्यू के सामने होना है पेश
इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग ने विभव कुमार को शुक्रवार सुबह 11 बजे सरिता विहार स्थित आयोग के कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। स्वाति मालीवाल ने गत सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उनके पीए विभव कुमार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उस दिन सुबह नौ बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं स्वाति ने कुछ देर बाद ही पीसीआर को काल कर सूचना दी कि सीएम के कहने पर विभव कुमार ने मुझे बुरी तरह पीटा है। स्वाति वहां से रोती हुई बाहर आई थीं।
