DGP ने रायगढ़ SP को फटकारा, काम करो नही तो नेतागिरी निकल जाएगी

रायपुर। पति की मौत की जांच के लिए 44 दिन से भटक रही महिला ने डीजीपी डीएम अवस्थी से शिकायत की। पुलिस की लापरवाही से नाराज डीजीपी ने रायगढ़ एसपी राजेश अग्रवाल और थानेदार ध्रुव कुमार को जमकर फटकार लगाई। प्रार्थी की मौजूदगी में ही डीएम अवस्थी ने विवेचना का ब्यौरा मांगा, लेकिन न तो थानेदार और एएसआई कुछ बता पाने की स्थिति में थे।
न ही एसपी राजेश अग्रवाल कुछ कह पाए। इससे नाराज होकर डीजीपी अवस्थी ने कहा कि 44 दिन बाद भी इस मामले की विवेचना नहीं हो पाई है। 12 मार्च की यह घटना है, लेकिन अब तक जांच की दिशा आगे क्यों नहीं बढ़ाई गई? उन्होंने थानेदार को फटकार लगाते हुए पूछा कि क्या नौकरी की चिंता नहीं है?
अवस्थी ने एसपी से पूछा कि कितने दिनों में विवेचना पूरी होगी? इस पर जवाब में उन्होंने कहा कि जल्द कर लेंगे। इस पर अवस्थी ने कहा कि मैं तुमसे बेहद नाराज हूं। काम का ये तरीका ठीक नहीं है। हम चाहे तो इस मामले को जांच के लिए सीआइडी में भी भेज सकते हैं। आपके इस कृत्य की जांच करा सकते हैं।
उन्होंने दो टूक कहा कि यह कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही है। यदि कोई प्रकरण डीजीपी तक पहुंच रहा है, तो इससे स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते हैं। हर रोज रायगढ़ से दर्जनों शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने एसपी से कहा कि यह पहला जिला है, काम करो नहीं तो नेतागिरी निकल जाएगी।
