‘दबंग गर्ल’ सोनाक्षी ने लखनऊ वालों से रोड शो कर मां पूनम के लिए मांगे वोट

मैं बहुत खुश हूं कि मेरी मां पूनम सिन्हा को लखनऊ के लोगों ने इतना प्यार और सपोर्ट दिया। मैं अपनी मां को जिताने के लिए लखनऊ आई हूं। आप लोग मेरी मां को भारी मतों से जिताएं। मेरी मां लखनऊ का बहुत विकास करेंगी। यह बातें सपा-बसपा गठबंधन के रोड शो में बालीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने कही। शुक्रवार को दोपहर से ही हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क पर सपा-बसपा कार्यकर्ता इकट्ठा होना शुरू हो गए। हाथों में सपा-बसपा के झंडे लिए यह कार्यकर्ताओं को इंतजार था गठबंधन की प्रत्याशी पूनम सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा का। सोनाक्षी सिन्हा का रोड शो में शामिल होने का समय लगभग तीन बजे निर्धारित था। एक तरफ महिला कार्यक्त्रिरयां भी नारों से अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही थीं। ढोल-ताशे के साथ बैंड बाजार वाले भी वर्दी में सजे-धजे खड़े बालीवुड की धुन बजा रहे थे। लगभग सवा चार बजे सपा की एसी बस में चढ़कर सोनाक्षी सिन्हा, पूनम सिन्हा और कन्नौज की सांसद डिंपल यादव पहुंची। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। जीपीओ से यह काफिला आगे बढ़ चला। सोनाक्षी सिन्हा और पूनम सिन्हा ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और आने जाने वालों का अभिवादन करके धन्यवाद दिया। भाजपा कार्यालय के पास मोड़ पर कार्यकर्ताओं की मांग पर सोनाक्षी सिन्हा ने वोट की अपील करके उनका जोश बढ़ाया।
व्यापारियों ने फूल बरसाए: पांच बजे काफिला दारुलशफा और जनपथ बाजार के पास पहुंच गया। यहां पर व्यापारियों ने काफिले का नारों और ढोल नगाड़ों से स्वागत किया। जनपथ बाजार के व्यापारी मो. इलियास और पवन मनोचा के नेतृत्व में व्यापारियों ने पूनम सिन्हा, सोनाक्षी सिन्हा और डिम्पल यादव का स्वागत किया। इस मौके पर इंदरजीत सिंह, सुरेश तेजवानी, मनीष अरोड़ा समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
शोषण कर रही है सरकार: डिम्पल
रोड शो के दौरान सपा नेत्री डिम्पल यादव ने कहा कि लखनऊ का विकास जितना अखिलेश सरकार में किया गया है उतना कभी नहीं हुआ। वहीं मोदी सरकार ने व्यापारियों का जीएसटी लगाकर शोषण किया है। अनावश्यक छापेमारी की जा रही है उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि 2019 का चुनाव एक इतिहास रचने जा रहा है। गठबंधन ने आपके बीच पूनम सिन्हा को प्रत्याशी बनाया है जिससे जो विकास की गति अखिलेश सरकार में पकड़ी थी उसे आगे बढ़ाया जा सके। पूनम सिन्हा ने कहा कि लखनऊ ने जो प्यार और सम्मान दिया है वह जिंदगी भर भूलने वाला नहीं है। इस मौके पर पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा, रविदास मेहरोत्रा, दीपक रंजन, प्रदीप शर्मा, सुशील दीक्षित, नवीन धवन ‘बंटी' और मनीष वर्मा मौजूद रहे। .
दंबग गर्ल को न देख पाने का मलाल
दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा अपनी मां पूनम सिन्हा के प्रचार के लिए लखनऊ में थी। जीपीओ से घंटाघर तक समाजवादी पार्टी की ओर से सोनाक्षी सिन्हा का रोड शो रखा गया था। उनको जीपीओ से घंटाघर तक जाना था लेकिन वह यहियागंज से रोड शो बीच में छोड़ कर चली गई। सोनाक्षी सिन्हा के दीदार को घंटों गर्मी में सड़क पर खड़े लोगों को जब यह पता चला तो उनमें मायूसी दौड़ गई। सोनाक्षी सिन्हा जीपीओ से ट्रक में सवार कर वोट मांगते हुए चल रही थी। काफिला याहियागंज, नख्खास, विक्टोरिया स्ट्रीट, चौक होते हुए हुसैनाबाद घंटाघर तक जाना था। फेरी लगाने वाले मीसम ने बताया कि वह करीब दो घंटे से सोनाक्षी के दीदार के लिए खड़े थे लेकिन जब काफिला तिराहे पर पहुंचा तो ट्रक पर सिर्फ डिम्पल व पूनम ही मौजूद थीं।
