गणेश मूर्ति बनाने वाले कारखाने में भड़की आग, लाखों का सामान जलकर राख

सातारा। गणेशोत्सव से ठीक पहले सातारा जिले के वाई स्थित एमआईडीसी परिसर में आधी रात को ‘बावळेकर गौरी-गणपती मूर्ति कारखाने’ में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। कारखाने में रखे पेंट, थिनर और रसायनों के कारण लपटें तेजी से फैल गईं, जिससे लाखों रुपये की गणेश मूर्तियां जलकर राख हो गईं। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

रात करीब 11:30 बजे लगी इस आग की सूचना मिलते ही वाई, पाचगणी, महाबलेश्वर, फलटण, सातारा नगरपालिका और किसन वीर सहकारी चीनी मिल सहित कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ज्वलनशील केमिकल और रंगों की मौजूदगी से विकराल हुई आग पर करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तड़के काबू पाया जा सका।

लाखों का नुकसान, जांच में जुटी पुलिस

गणेशोत्सव के ऐन पहले हुए इस हादसे से मूर्तिकार और कारखाने को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय नागरिकों के साथ वाई के पुलिस निरीक्षक प्रदीप सूर्यवंशी और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा का जिम्मा संभाला। पुलिस ने आग लगने के कारणों की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply