J&K में दो पुलिसकर्मी अरेस्ट, हिजबुल आतंकियों को करते थे हथियार सप्लाई

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने आतंकियों को हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकियों को हथियार पहुंचाने में कोई और नहीं बल्कि पुलिस के दो कांस्टेबल शामिल थे। पुलिस ने दोनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शोपियां पुलिस ने दो दिन पहले 9 अक्टूबर को शोपियां सर्किट हाउस के पास से शक के आधार पर एक शख्स को हिरासत में लिया था। इसकी पहचान आदिल अहमद नगरू निवासी रमनागढ़ी के रुप में हुई थी। पुलिस ने आदिल के पास से एके-47 समेत काफी हथियार बरामद किए। आदिल हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी था। साथ ही आतंकियों को हथियार भी मुहैया करवाता था।

पुलिस को पूछताछ में पता चला कि आदिल के गिरोह में जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस ने उनकी शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों पुलिसकर्मियों से पूछताछ कर रही है।  अब पुलिस अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि पकड़े गए पुलिसकर्मियों से पूछताछ में काफी महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। 

इससे पहले दो दिन पहले ही घाटी में सुरक्षाबलों ने जैश के टॉप कमांडर अबू खालिद को मार गिराया था। अबू खालिद के खात्मे की वजह उसकी एक एक्स गर्लफ्रेंड बनी। 20 साल की उस लड़की को खालिद ने धोखा दिया था। प्यार में धोखा मिलने के बाद उस लड़की ने सुरक्षा एजेंसियों को खालिद की जानकारी दी थी।

Leave a Reply