J&K से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के खिलाफ फिर UNSC जाएगा पाकिस्तान, चीन देगा साथ

नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर से भारत द्वारा अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से बौखलाए पाकिस्तान ने फिर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) जाने की धमकी दी है. चीन दौरे से लौटे पाकिस्तान विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. कुरैशी ने कहा कि वह जम्मू-कश्मीर से भारत द्वारा हटाए गए अनुच्छेद 370 के फैसले के खिलाफ UNSC में फिर से प्रस्ताव लाएगा. कुरैशी ने पाकिस्तान के इस प्रस्ताव पर चीन की ओर से समर्थन किए जाने की भी बात कही है. हालांकि चीन की ओर से इस पर कोई बयान नहीं आया है.
जम्मू-कश्मीर से मोदी सरकार द्वारा अनुच्छेद 370 हटाए जाने के फैसले के खिलाफ पिछले दिनों पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को एक पत्र लिखा था. लेकिन पाकिस्तान को इस मामले में यूएनएससी से झटका मिला. यूएनएससी ने पाकिस्तान के इस पत्र पर कोई कमेंट नहीं किया.
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्ष जोआना रोनेका ने भारत के इस ऐतिहासिक फैसले को यूएनएससी के प्रस्ताव का उल्लंघन बताने संबंधी पाकिस्तान के दावे पर कमेंट करने से इनकार किया था. इसके साथ ही अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने साफतौर पर कहा था कि कश्मीर पर अमेरिका की नीति में कोई बदलाव नहीं होगा.
