रोहिणी में छेड़छाड़ का विरोध करने पर हमला, नाबालिग और उसके परिजन घायल

नई दिल्ली: बाहरी-उत्तरी दिल्ली के रोहिणी जिले में सिरफिरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा पर उसके घर के पास तीन लड़कों ने जानलेवा हमला कर दिया। छात्रा का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने साथ हो रही छेड़खानी का कड़ा विरोध किया था। जब पीड़ित किशोरी को बचाने के लिए उसकी 80 साल की बुजुर्ग दादी और 45 वर्षीय मां बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो बेखौफ आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया।
इस वारदात में परिवार की तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद तीनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए डॉक्टर बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
