नवरात्रि से पहले नगर परिषद का एक्शन, अवैध मांस दुकानों और फेरीवालों पर कार्रवाई

अंबरनाथ। आगामी नवरात्रि पर्व के दौरान शहर में साफ-सफाई, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अंबरनाथ नगर परिषद ने अवैध दुकानों और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार को नगर प्रशासन ने शहर के पूर्व और पश्चिम दोनों हिस्सों में व्यापक स्तर पर यह कार्रवाई की।
अवैध मांस की दुकानों और अतिक्रमण पर चला डंडा
नगर परिषद के मुख्याधिकारी उमाकांत गायकवाड़ और अतिरिक्त मुख्याधिकारी भुजबल के मार्गदर्शन में अतिक्रमण विभाग प्रमुख नरेंद्र संख्ये और उनकी टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। इस दौरान सार्वजनिक मार्गों और चौराहों पर अवैध रूप से संचालित हो रही मटन और चिकन की दुकानों के साथ-साथ सड़क किनारे कब्जा जमाकर बैठे फेरीवालों और पथारीवालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
नागरिकों की सुविधा और सुगम यातायात पर जोर
प्रशासन का कहना है कि नवरात्रि के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आम नागरिक खरीदारी व दर्शन के लिए घरों से बाहर निकलते हैं। ऐसे में सड़कों पर किए गए अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है ताकि शहर साफ-सुथरा रहे और पर्व के दौरान किसी भी नागरिक को असुविधा न हो।
नगर परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से मटन-चिकन की दुकानें चलाने और सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही, सभी दुकानदारों और फेरीवालों से प्रशासनिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई है।
