IAS अफसरों की नई पोस्टिंग से बदली तस्वीर, अनुभा श्रीवास्तव समेत 11 अधिकारियों का तबादला

भोपाल: मध्य प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से एक बार फिर बड़े पैमाने पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य के 11 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को नवीन पदस्थापना सौंपी गई है। इस फेरबदल के तहत राजस्व, महिला एवं बाल विकास, उद्योग और नागरिक आपूर्ति जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों के प्रमुखों तथा संभागीय आयुक्तों के दायित्वों में बदलाव किया गया है।

प्रशासनिक पुनर्गठन के अंतर्गत सागर संभाग के आयुक्त अनिल सुचारी को स्थानांतरित करते हुए मध्य प्रदेश भंडार गृह निगम (वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन) का प्रबंध संचालक बनाया गया है, जबकि उद्योग आयुक्त दिलीप कुमार को सागर संभाग के नए आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, अनुराग वर्मा को मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम का प्रबंध संचालक (MD) नियुक्त किया गया है, वहीं अनुभा श्रीवास्तव को राजस्व विभाग में सचिव का पदभार सौंपा गया है।

अन्य प्रमुख बदलावों में सतेंद्र सिंह को पिछड़ा वर्ग-अल्पसंख्यक एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग का सचिव, निधि निवेदिता को प्रमुख राजस्व आयुक्त एवं आयुक्त भू-अभिलेख, तथा मयंक अग्रवाल को वीबी-जीआरएएमजी का सीईओ और समग्र नर्मदा मिशन का मिशन संचालक बनाया गया है। साथ ही संदीप जी.आर. को महिला एवं बाल विकास विभाग में नवीन जिम्मेदारी दी गई है, अवि प्रसाद को मध्य प्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कॉरपोरेशन का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है, और नेहा जैन को उज्जैन स्मार्ट सिटी का सीईओ एवं नगर निगम उज्जैन में अपर आयुक्त का प्रभार सौंपा गया है।

Leave a Reply