निगम अमले को पीटने वालों के घर नोटिस चस्पाया

भोपाल । भोपाल में निगम के कर्मचारियों को पीटने वाले दोनों भाइयों के घर पर शुक्रवार सुबह नगर निगम ने नोटिस चस्पा दिया। जिसमें 3 दिन के अंदर भवन अनुमति के दस्तावेज तलब किए गए हैं। अवैध होने पर घर टूट भी सकता है। इधर, निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण ने इसी मुद्दे पर आज कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों की मीटिंग भी बुलाई है।
बता दें कि गुरुवार दोपहर में निगमकर्मी मो. साजिद (28) निवासी शाहजहांनाबाद, रेखा इंगले और करण इंगले से मारपीट की गई थी। वे वार्ड-15 के जेपी नगर की गली नंबर-3 में वे डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान तारिक पिता कम्मू खान और उसका छोटा भाई छोटू कचरा डालने आए। कर्मचारियों ने उनसे सूखा और गीला कचरा अलग-अलग देने को कहा था। इसी बात पर दोनों भाइयों ने अभद्रता करते हुए निगमकर्मियों से मारपीट की थी। साथ ही तलवार से काट देने की बात भी कही।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया
हमले के विरोध में कर्मचारियों ने गौतम नगर थाने का घेराव भी किया था। इसके बाद आरोपियों के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया था। कर्मचारियों की चेतावनी के बाद शाम को पुलिस ने दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया था।

पकड़े जाने पर गाडिय़ां कचरा लेने निकली
भोपाल में करीब 450 कचरा कलेक्शन गाडिय़ां चलती हैं। मध्यप्रदेश शासकीय वाहन चालक यांत्रिकी कर्मचारी संघ ने गुरुवार शाम तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शुक्रवार से गाडिय़ां नहीं चलाने की चेतावनी दी थी। हालांकि, शाम को ही पुलिस ने दोनों भाइयों को पकड़ लिया था। इसके चलते शुक्रवार सुबह गाडिय़ां डोर-टू-डोर कचरा लेने के लिए पहुंच गई।

400 स्क्वेयर फीट के मकान की अनुमति मांगी
निगम ने आरोपियों के घर पर जो नोटिस चस्पाया है, उस पर 400 स्क्वेयर फीट के मकान की अनुमति की जानकारी मांगी गई है। 3 दिन में अनुमति समेत अन्य दस्तावेज देने होंगे। निर्माण अवैध पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply