PM मोदी ने राजीव गांधी को बताया ‘भ्रष्टाचारी नंबर वन’, तेजस्‍वी बोले- गलत बात

पटना  | लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम लिए बिना तंज कसा। उन्‍होंने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए राजीव गांधी को 'भष्‍टाचारी नंबर वन' का विशेषण दिया। इसपर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने पलटवार किया। इस मामले में बिहार में भी सियासत गरमा गई है। राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) नेता व लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्‍वी यादव ने भी इस बयान के लिए पीएम मोदी की आलोचना की। तेजस्‍वी ने इस संबंध में राहुल के ट्वीट को रिट्वीट भी किया है।
यह है मामला
विदित हो कि नरेन्द्र मोदी ने राफेल मुद्दे को लेकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए तंज कसा था। उन्‍होंने राहुल गांधी के पिता व पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम लिए बिना कहा था, ''आपके पिताजी को आपके राज दरबारियों ने गाजे-बाजे के साथ मिस्टर क्लीन बना दिया था। लेकिन देखते ही देखते भ्रष्टाचारी नम्बर वन के रूप में उनका जीवनकाल समाप्त हो गया। नामदार यह अहंकार आपको खा जाएगा। ये देश गलतियां माफ करता है, मगर धोखेबाजी को कभी माफ नहीं करता।''
बिहार में भी गरमाई सियासत, तेजस्‍वी ने कही ये बात
पीएम मोदी के राजीव गांधी को लेकर दिए बयान पर बिहार में भी राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इसकी आलोचना की है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव ने भी इस बयान के लिए प्रधानमंत्री की आलोचना की है। उन्‍होंने इस मामले में राहुल गांधी के प्रधानमंत्री को संबोधित ट्वीट को रिट्वीट भी किया है।
राजीव-प्रियंका ने किया पलटवार 
प्रधानमंत्री की टिप्‍पणी पर राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए ट्वीट किया कि उनकी लड़ाई खत्म हो चुकी है। अब उनके कर्म इंतजार कर रहे हैं। खुद के बारे में अपनी सोच को मेरे पिता पर थोपना भी आपको नहीं बचा पाएगा।
इस मामले में प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर पीएम मोदी को आड़े हाथों लिया। उन्‍होंने लिखा कि शहीदों के नाम पर वोट मांगकर उनकी शहादत को अपमानित करने वाले प्रधानमंत्री ने कल अपनी बेलगाम सनक में एक नेक और पाक इंसान की शहादत का निरादर किया। जवाब अमेठी की जनता देगी, जिनके लिए राजीव गांधी ने अपनी जान दी। हां मोदीजी, यह देश धोखेबाज़ी को कभी माफ नहीं करता।
 

Leave a Reply