नरोत्तम मिश्रा के लिफ्ट में फंसने से मचा हड़कंप, काफी देर तक परेशान रहे

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा सोमवार को एक इमारत की लिफ्ट में अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण फंस गए। लिफ्ट दो मंजिलों के बीच में रुक जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप व्याप्त हो गया। बाद में बुलाई गई रेस्क्यू टीम ने मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
कोचिंग संस्थान के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे पूर्व मंत्री
जानकारी के मुताबिक, दतिया से पूर्व विधायक डॉ. नरोत्तम मिश्रा शहर के लश्कर क्षेत्र स्थित जयेंद्रगंज में 'ग्वालियर नंबर 01 स्पोकन इंग्लिश क्लासेस' की नई शाखा का उद्घाटन करने पहुंचे थे। वे इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने आए थे। शाम के समय जब वे अपने कुछ सहयोगियों के साथ पहले फ्लोर से तीसरे फ्लोर की ओर जा रहे थे, तभी लिफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई और वह झटके के साथ पहले और दूसरे फ्लोर के बीच में ही अटक गई।
15 मिनट तक चला रेस्क्यू अभियान
लिफ्ट बंद होते ही आयोजकों, सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बल के बीच हड़कंप मच गया। तत्काल ही तकनीशियनों और रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। रेस्क्यू टीम ने लगभग 10 से 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर पूर्व गृह मंत्री और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना के बाद सभी ने राहत की सांस ली। इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
