रफ्तार का रोमांच पड़ा भारी! चलती कार में खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल

जबलपुर। डुमना रोड स्थित जीरो डिग्री क्षेत्र इन दिनों वाहन चालकों के लिए खतरनाक स्टंट का मुख्य अड्डा बनता जा रहा है। यहां आए दिन दोपहिया और चारपहिया वाहनों से जानलेवा स्टंट किए जा रहे हैं और सिर्फ मनोरंजन के लिए सोशल मीडिया पर अपलोड करने के वास्ते इनकी रील्स भी बनाई जा रही हैं। जानकारों का कहना है कि पूर्व में भी इस तरह की हरकतों के कारण यहां कई भीषण दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद स्टंटबाजों के हौसले बुलंद हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ खतरनाक वीडियो

हाल ही में इंटरनेट पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो तेज रफ्तार कारों में सवार कुछ युवक खिड़कियों से आधे शरीर बाहर लटककर तेज आवाज में हुड़दंग मचाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान वाहन चालक भी बेपरवाह होकर लापरवाही से गाड़ियां दौड़ा रहे हैं, जो कभी भी किसी बड़ी सड़क दुर्घटना को न्योता दे सकते हैं।

पुलिस प्रशासन ने लिया संज्ञान

मामले को गंभीरता से लेते हुए एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि यह वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आ चुका है और शुरुआती जांच में यह दृश्य जीरो डिग्री के आसपास का लग रहा है। पुलिस अधिकारियों को वीडियो सौंपकर सटीक लोकेशन की तस्दीक करने और इस तरह की गैरकानूनी हरकत करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply