अयोध्या-जनकपुर के बीच 23 नवंबर से शुरू होगी ट्रेन सेवा, बिहार के पांच जिलों से होकर गुजरेगी रेलगाड़ी

पटना। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर धाम के बीच रेल कनेक्टिविटी शुरू होने जा रही है। प्रस्तावित ट्रेन सेवा 23 नवंबर से शुरू होगी। यह ट्रेन बिहार के पांच जिलों पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, दरभंगा और मधुबनी से होकर गुजरेगी। इससे भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन और आवाजाही को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार, ट्रेन अयोध्या से चलकर गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद बिहार के बगहा, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो और मधुबनी होते हुए जयनगर पहुंचेगी। जयनगर से ट्रेन नेपाल में प्रवेश कर जनकपुर धाम तक जाएगी। इस रेल सेवा का उद्घाटन 23 नवंबर को प्रस्तावित है। उद्घाटन समारोह अयोध्या रेलवे स्टेशन पर आयोजित होगा। भारत और नेपाल के प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। जयनगर स्टेशन पर भी ट्रेन के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

– 5 नवंबर को हुआ था ट्रायल
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 5 नवंबर को जयनगर से जनकपुर धाम और कुर्था तक ट्रेन चलाकर परिचालन का परीक्षण किया गया था। जयनगर स्टेशन पर कस्टम जांच की व्यवस्था रहेगी। साथ ही विदेश मंत्रालय के निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।

– धार्मिक पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
अयोध्या और जनकपुर धाम रामायण से जुड़े दो महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल हैं। सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को दोनों तीर्थस्थलों के बीच यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। इससे भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंध मजबूत होने के साथ मिथिलांचल में पर्यटन, होटल व्यवसाय और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply