इलेक्ट्रिक कारों पर ट्रंप का बड़ा हमला, बाइडन की EV नीति को बताया गलत; दी चेतावनी

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश की इलेक्ट्रिक वाहन (EV) नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा है कि लोगों को अपनी पसंद की गाड़ी चुनने का पूरा हक होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसी खास तरह की गाड़ी थोपने के बजाय बाजार को ग्राहकों की पसंद पर छोड़ना चाहती है।

गाड़ियों के चुनाव में मिले पूरी आजादी

मिशिगन में एक ऑटोमोबाइल प्लांट के दौरे पर ट्रंप ने कहा कि इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने वालों के पास विकल्प मौजूद हैं, लेकिन पेट्रोल और डीजल वाहन पसंद करने वाले ग्राहकों से उनका अधिकार नहीं छीना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाइडन सरकार के कड़े नियमों को खत्म करके ही अमेरिकी कार कंपनियों को भारी आर्थिक संकट से बचाया जा सका है।

ऑटो क्षेत्र में नौकरियों पर खतरा

इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण प्रक्रिया का जिक्र करते हुए ट्रंप ने चेतावनी दी कि EV बनाने में कम मजदूरों की जरूरत पड़ती है। इससे मिशिगन जैसे राज्यों में, जो पूरी तरह ऑटो उद्योग पर टिके हैं, बड़े पैमाने पर रोजगार घट सकता है। इसी डर से उन्होंने कड़े ईंधन मानकों (CAFE rules) को रद्द करने का फैसला लिया था।

विदेशी गाड़ियों पर टैक्स से बढ़ा देश में उत्पादन

अमेरिकी कंपनियों को बढ़ावा देने के लिए विदेश में बनने वाले वाहनों और ट्रकों पर 25 फीसदी आयात शुल्क (टैरिफ) लगाया गया है। ट्रंप के मुताबिक, इस कदम के बाद जनरल मोटर्स जैसी दिग्गज कंपनियों ने अमेरिका में अरबों डॉलर का नया निवेश किया है और देश के भीतर गाड़ियों का उत्पादन तेजी से बढ़ाया है।

Leave a Reply