पति की मौत के बाद पत्नी-बेटे की भी मौत, वाराणसी में सामने आया दर्दनाक मामला

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक मर्मस्पर्शी घटना सामने आई है, जहाँ लक्सा थाना क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में ठहरे महाराष्ट्र के एक परिवार के मां-बेटे ने पति की मौत के गम में जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस के अनुसार, महज एक दिन पहले ही गृहस्वामी की बीमारी के कारण मौत हो गई थी, जिसके बाद सदमे में डूबे मां-बेटे ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

काशी दर्शन के लिए आया था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के रायगढ़ के रहने वाले 55 वर्षीय विशाल मुखर्जी, उनकी पत्नी 51 वर्षीय जया मुखर्जी और 27 वर्षीय बेटा ईशान मुखर्जी गत 7 अगस्त को काशी दर्शन-पूजन के लिए वाराणसी आए थे। उन्होंने लक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले वाची होम स्टे में कमरा किराए पर लिया था। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा और उन्होंने शहर में दर्शन भी किए।

बीमारी से हुई थी पति की मौत

रविवार की रात अचानक विशाल मुखर्जी की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई, जिसके बाद होम स्टे के कर्मचारियों और पुलिस की सहायता से उन्हें बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उनके शव को पोस्टमार्टम हाउस के मोर्चरी में रखवाकर वापस होम स्टे लौट आए थे।

कमरे में मृत मिले मां और बेटे

सोमवार की सुबह जब काफी देर तक उस कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो होम स्टे प्रबंधन ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए। जया मुखर्जी और उनके बेटे ईशान के शव बेड पर पड़े थे और उनके मुंह से झाग व उल्टी के निशान मिले थे। पुलिस दोनों को तुरंत मंडलीय अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने कमरे की छानबीन कर मोबाइल फोन व जहर के पैकेट अपने कब्जे में ले लिया है।

आर्थिक तंगी और गहरा सदमा

पुलिस की शुरुआती जांच-पड़ताल और मोबाइल कॉल डिटेल्स से यह बात सामने आई है कि विशाल मुखर्जी की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी और उन्होंने कुछ कर्ज (लोन) भी ले रखा था। इसके अलावा जया की खुद की सेहत भी अक्सर खराब रहती थी। परिवार पर अचानक आए दुखों के पहाड़ और पति की मौत के असहनीय सदमे को मां-बेटे बर्दाश्त नहीं कर सके। पुलिस ने महाराष्ट्र में रह रहे उनके अन्य परिजनों और रिश्तेदारों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी है, जिनके वाराणसी पहुंचने के बाद तीनों शवों का एक साथ पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Leave a Reply