पत्नी की बेरहमी से हत्या, सिर फ्रिज में छिपाया और उंगलियां काटीं; रोज शव के पास बैठता था पति

गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी स्थित बसिष्ठपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 25 वर्षीय विवाहित महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका का कटा हुआ सिर एक रेफ्रिजरेटर के भीतर पॉलीथीन बैग में पैक मिला, जबकि उसकी उंगलियां भी कटी हुई पाई गईं। मृतका की पहचान रिया तालुकदार गोस्वामी के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी और मृतका के पति रामानुजन गोस्वामी ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

फ्रिज में मिला सिर, उंगलियां भी काटीं

पुलिस जांच में इस हत्याकांड की भयावहता का खुलासा हुआ है। जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी पति ने अपनी पत्नी का सिर धड़ से अलग किया, उसे पॉलीथीन बैग में लपेटकर फ्रिज के अंदर छिपा दिया और उसकी उंगलियां काट दीं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी वारदात के बाद घंटों शव के पास बैठा रहा। पुलिस ने घटनास्थल से एक धारदार हथियार जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल इस जघन्य अपराध में किए जाने की आशंका है।

दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना, 48 घंटे पुराना शव

मामले का खुलासा रविवार रात को हुआ, जब अपार्टमेंट से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। गुवाहाटी पुलिस आयुक्त कार्यालय के एडीसीपी (पूर्व) अनुराग शर्मा के मुताबिक, घटना शव बरामद होने से करीब 48 घंटे पहले की बताई जा रही है। छह महीने पहले ही रिया और रामानुजन का विवाह हुआ था और वे इस फ्लैट में रह रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply