आधी रात को निरीक्षण करने थाने पहुंचे अपर मुख्य सचिव

नोएडा । नोएडा के थाना सेक्टर- 20 में शनिवार देर रात लगभग एक बजे अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी द्वारा निरीक्षण किए जाने से हड़कंप मच गया।निरीक्षण में एसएसपी गौतमबुद्धनगर, एसपी सिटी, सीओ सिटी प्रथम, प्रभारी निरीक्षक थाना सेक्टर- 20 उपस्थित थे। इस दौरान अपर मुख्य सचिव गृह द्वारा 13 बिंदुओं पर जांच की गई। वहीं, कई अहम बिंदुओं पर एसएसपी से रिपोर्ट मांगने पर कइयों पर जल्द कार्रवाई की बात कही है। अचानक थाने में निरीक्षण करने पहुंचे अपर मुख्य सचिव गृह ने 13 बिंदुओं पर जांच करते हुए पाया की सेक्टर 20 में कई तरह की समस्याएं हैं। इसमें साइबर क्राइम भी शामिल है।इसके अलावा सस्पेंड चल रहे एसएचओ मनोज पंथ से लेकर प्रस्तावित थाने के बारे में भी एसएसपी से बात की है।
अपर मुख्य सचिव गृह ने इस दौरान थाना सेक्टर 20 के कार्यालय, हवालात, मालगृह तथा थाना परिसर के बैरक, नवनिर्मित आवासीय परिसर का भी निरीक्षण किया।उन्होंने नवनिर्मित आवासीय परिसर के डाउन पाइप तथा जगह-जगह प्लास्टर टूटे मिलने पर निर्माण इकाई द्वारा किये गये कार्याे की गुणवत्ता के सम्बन्ध मे एसएसपी गौतमबुद्धनगर से रिपोर्ट मांगी है। साथ ही रिपोर्ट मिलने के बाद इस संबंध में कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने पाया कि थाने की मुख्य समस्या साइबर क्राइम है। बता दें कि हर माह साइबर क्राइम से जुड़े करीब 15-20 मुकदमे दर्ज हो रहे है। यह समस्याएं खास तौर पर फैक्ट्रियों की तरफ से या फिर बैंक-एटीएम में हुए धोखाधड़ी से जुड़ी हैं। वहीं कई फैक्ट्रियों मे डाटा चोरी की शिकायत सामने आई हैं। साइबर क्राइम केवल निरीक्षक ही इन्वेस्टिगेट कर सकते है। एसएसपी गौतमबुद्धनगर साइबर क्राइम पर अपने ट्रेनिंग हेतु प्रस्ताव एक सप्ताह में दिए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
