कबाड़ की दुकान में ब्लॉस्ट, 3 मौतें, शरीरों के उड़े परखच्चे

अहमदाबाद. दाणीलीमड़ा पीरकमाल चार रास्ते के पास कॉम्पलेक्स की कबाड़ की दुकान में ब्लॉस्ट से दुकान मालिक, उसका दोस्त और दुकान की एक महिला कर्मचारी की मौत हो गई। ऐसा माना गया है कि दुकान में बड़े जहाज के एक भाग को ग्राइंडर से काटने के दौरान निकली आग से धमाका हुआ।
शरीर के चीथड़े उड़े
गुरुवार की शाम करीब 5 बजे रफीक भाई अपने दोस्त फरीद भाई छीपा के साथ चाय पी रहे थे। तभी उनकी दुकान में जोरदार धमाका हुआ। ये धमाका इतना भयानक था कि दुकान की दीवार टूट गई और शटर मुड़ गया। आसपास की दुकानों के कांच टूट गए। इसके अलावा जमीन में गड्ढा हो गया। इस भयानक ब्लॉस्ट में तीन लोगोें के चीथड़े उड़ गए। उनके अवशेषों को इधर-उधर तलाशना पड़ा। अन्य दो लोग घायल भी हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मृतक महिला अपने परिवार का आधार थी
इस हादसे में मारी गई महिला भारती मारवाड़ी अपने परिवार का आधार थी। पति परेशभाई दैनिक मजदूरी करते हैं। अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए ही भारती बेन यहां काम कर रही थी। इसके पहले वह टीन की सिगड़ी बनाया करती थी। वह काम बंद हो जाने से एक साल से वह कबाड़ तोड़ने का काम कर रही थी।
बाहर खड़ा महिला का बेटा बच गया
मृतक महिला के 3 बेटे हैं। बड़ा बेटा गौतम मानसिक रूप से बीमार है। उसे वह अपने साथ ही लाती थी। घटना के समय वह बाहर खड़ा था, इसलिए बच गया। केवल उसके सिर के बाल जल गए। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि हादसा आखिर कैसे हुआ? पुलिस ने अपना काम शुरू कर दिया है।
