चीन ने उत्तर कोरिया जाने का मुख्य रास्ता बंद किया

पेइचिंग चीन ने उत्तर कोरिया से जुड़ने वाली मुख्य सड़क को बंद कर दिया है। शुक्रवार को चीन के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। हालांकि, चीन का कहना है कि यह ब्रिज कुछ समय के लिए बंद किया गया है लेकिन इसके वापस खुलने की तारीख न बताने के बाद अटकलें लगाई जा रहीं हैं कि चीन ने प्योंगयांग के परमाणु कार्यक्रम की वजह से इस क्षेत्र में उपजे तनाव को देखते हुए यह कदम उठाया है। हाल ही में एयर चाइना ने उत्तर कोरिया जाने वाली सभी विमानों को भी रद्द कर दिया था।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने बताया कि यालू नदी पर बने चाइना-नॉर्थ कोरिया फ्रेंडशिप ब्रिज को बंद किया जा रहा है। गेंगे ने बताया, 'मरम्मत का काम पूरा होने के बाद इसे दोबारा खोल दिया जाएगा।'हालांकि गेंग ने ब्रिज को दोबारा चालू करने की तारीख नहीं बताई।
ब्रिज बंद करने का यह कदम चीन ने तब उठाया है जब मंगलवार को ही एयर चाइना ने पेइचिंग और उत्तर कोरिया के बीच सभी विमानों को रद्द कर दिया था। एयर चाइना ने इसकी वजह कम मांग बताई थी। हालांकि, उसके इस कदम के बाद उत्तर कोरिया के अलग-थलग पड़ने की आशंका जताई जा रही थी।
चीन उत्तर कोरिया का एकमात्र सहयोगी है। लेकिन प्योंगयांग द्वारा लगातार मिसाइल टेस्ट की वजह से उपजी युद्ध की आशंकाओं को देखते हुए चीन ने भी उससे दूरी बनानी शुरू कर दी है।
