PAK के कई शहरों में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, लाइव कवरेज बैन

पाकिस्तान के इस्लामाबाद सहित कुछ शहरों में प्रदर्शनकारियों के बवाल की खबरें हैं. कराची और इस्लामाबाद में इस वक्त भी प्रदर्शन कर रहे हैं. इनकी पुलिस से झड़प हो गई और इसके बाद सरकार ने टीवी पर झड़प के प्रसारण पर रोक लगा दी.

प्रदर्शन तब शुरू हुआ था जब रसूल अल्लाह नाम के इस्लामिक संगठन ने एक इलेक्शन एक्ट की कुछ बातों को लेकर विरोध शुरू किया था. हालांकि, बाद में एक्ट से विवादित बातों को हटा दिया गया. 

प्रदर्शन खत्म करने के लिए 8500 स्पेशल पुलिस के जवान लगाए गए हैं. इन्हें इलाइट पुलिस कहा जाता है.

कम से कम 150 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. करीब 67 लोग घायल हुए हैं इसमें 27 आम लोग हैं और कई पुलिस के जवान भी हैं.

फैजाबाद के पास 8 नवंबर से ही प्रदर्शन हो रहे हैं. इसी को खत्म करने के लिए इस्लामाबाद पुलिस ने कार्रवाई की. इससे पहले प्रदर्शन खत्म करने के लिए समयसीमा दी गई थी. प्रदर्शनकारी कानून मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.

सुरक्षा जवानों ने टेंट हटा दिए हैं और लोगों के कई समूह को खदेड़ने में कामयाब हो गई है. इससे पहले कोर्ट ने फैजाबाद को खाली कराने का आदेश दिया था.

एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन की वजह से नेशनल टी-20 कप का मैच भी टाल दिया गया है. नेशनल टी-20 कप का मैच रावलपिंडी में आज ही खेला जाना था. अब यह मैच रविवार को होगा.

बवाल में घायल लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका है. कई सुरक्षा अधिकारी भी घायल हो गए हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसा लगता है कि प्रदर्शनकारी कार्रवाई के लिए तैयार थे. क्योंकि उनके पास पत्थर और लाठी-डंडे बड़ी संख्या में मिले हैं.

हालांकि, जब यह प्रदर्शन शुरू हुआ था, तब लोगों की संख्या काफी कम थी. धीरे-धीरे इसमें लोग जुड़ते गए.

उधर, इस बवाल से अलग पाकिस्तान में एक बम विस्फोट की भी खबर है. पाकिस्तान के दक्षिण पश्चिमी शहर क्वेटा में शनिवार को एक बम विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए.

प्रदर्शनकारी अपनी धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचाए जाने का आरोप लगा रहे हैं.

पाकिस्तान की एक कोर्ट ने पुलिस से प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए कहा था.

Leave a Reply