चेन्नई के लिए बुरी खबर, चोट की वजह से बाहर हुआ ये क्रिकेटर

चेन्नई: चेन्नई सुपर किंग्स (Chennnai Super Kings) के हरफनमौला खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो (Dwayne Bravo) पांव में चोट लगने के कारण दो सप्ताह के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 12वें सीजन से बाहर हो गए हैं. मुंबई इंडियंस के खिलाफ बुधवार को चेन्नई को इस सीजन की पहली हार झेलनी पड़ी और इसी दौरान ब्रावो भी चोटिल हो गए.
चेन्नई के लिए ब्रावो का चोटिल होने एक बड़ा झटका है क्योंकि तेज गेंदबाज लुंगी नगिदी पहले ही चोट के कारण वापस जा चुके हैं जबकि डेविड विली ने व्यक्तिगत कारणों के चलते इस सीजन में न खेलने का फैसला लिया है.
आईपीएल में टीमें केवल चोटिल खिलाड़ियों की जगह ही नए खिलाड़ियों को शामिल कर सकती हैं जिसके कारण चेन्नई विली के स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी को मौका नहीं दे सकती है.
पिछले मैच में ब्रावो का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और उन्होंने आखिरी ओवर में 29 रन खाए थे, लेकिन पिछले सप्ताह राजस्थान के खिलाफ उन्होने आखिरी ओवर में 11 भी बचाए थे. गेंदबाजी के अलावा ब्रावो बल्लेबाजी में भी टीम में अहम योगदान देते हैं.
वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ने पेशेवर खिलाड़ी के रूप में अपने करियर को बढ़ाने के लिए पिछले साल अक्टूबर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, लेकिन वह दुनिया भर की ट्वेंटी20 लीग के लिए उपलब्ध रहेंगे. फिलहाल यह खिलाड़ी इंडिया की टी20 लीग (IPL) में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स टीम से खेल रहा है.
