ट्रेन यात्री से मिले 5 लाख नगद 

जबलपुर। लोकसभा चुनाव के दौरान यात्रियों से नगदी मिलने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर ६ में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री के बैग से नोटों की गड्डियां निकलीं। यात्री के पास से कुल ५ पांच लाख रुपए नगदी मिले हैं। जिन्हें जब्त कर एसटीएफ को सूचित किया गया है। बताया गया है कि जिस व्यक्ति से राशि मिली है वह भैंस का व्यापार करता है। भैंसों की खरीदी के रुपए लेकर वह हरियाणा जा रहा था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
जीआरपी थाना प्रभारी सुनील मिश्रा ने बताया कि लोकसभा चुनाव में धन बल का प्रयोग न हो पाए इसलिए सभी स्थानों पर सघन जांच की जा रही है। शुक्रवार को प्लेफार्म ६ में यात्रियों की जांच की जा रही थी। जीआरपी आरक्षक वीरेन्द्र तिवारी ने इस दौरान एक यात्री को नोटों से भरे बैग के साथ पकड़ा। जिसे जीआरपी थाने लाया गया। यात्री के पास से नगद ५ लाख रुपए प्राप्त हुए हैं।
नोट गिनती के दौरान लगी भीड़ ……
स्टेशन पांच लाख रुपए सहित राजकुमार यादव पिता लोचा यादव उम्र ३२ वर्ष को पकड़ा गया है। जीआरपी ने यात्री के बैग से निकाले रुपए गिनने शुरु किए तो इस दौरान लोगों की भीड़ लग गई। जीआरपी को भीड़ नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान स्टेशन पर हड़कंप की स्थिति रही। गौरतलब है कि यह लगातार तीसरा मामला है जब यात्री के पास बड़ी मात्रा में नगदी मिले हैं। इसके पहले गाडरवाड़ा स्टेशन पर यात्री से नगदी मिली थी। इसके अलावा मदन महल स्टेशन पर भी तीन यात्रियों से नगदी बरामद की गई थी।
हरियाणा से आया था रुपए लेने …..
जीआरपी पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी राजकुमार यादव मूलतः बिहार के आरा का रहने वाला है। वह हरियाणा में रहकर भैंसों का व्यापार करता है। आरोपी ने पुलिस को बताया है कि जबलपुर के कुछ व्यापारी हरियाणा से भैंसें मंगाते हैं। वह भैंसों की वसूली करने के लिए जबलपुर आया था। इस दौरान उसे ५ लाख रुपए मिले थे। जिसे वह हरियाणा ले जा रहा था। फिलहाल पुलिस ने रुपए जब्त कर ट्रेजरी में जमा कराए हैं।

Leave a Reply